ग्वालियर में परीक्षा केद्रों पर 10वीं के 27 हजार और 12वीं के 25 हजार विद्यार्थी देंगे परीक्षा
ग्वालियर. शहर में मार्च से शुरू होने वाली एमपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षा के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बार जिले में 10वीं कक्षा के 27 हजार 123 और 12वीं के 25 हजार 321 छात्र परीक्षा देंगे। इसके लिए 92 केंद्र तैयार किए गए हैं। इनमें 45 केंद्रों को सामान्य केंद्र की श्रेणी में रखा गया है। वहीं 41 केंद्रों को संवेदनशील और छह केंद्रों को अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है।
शहर में तीन अति संवेदनशील केंद्र
शहर में तीन अतिसंवेदन शील केंद्र बनाए गए हैं। इसमें एमएलबी विद्यालय, शा. कन्या उमा विद्यालय रेलवे कालोनी, कन्या विद्यालय थाटीपुर शामिल हैं। वहीं ग्रामीण में शा. विद्यालय भितरवार, शा. विद्यालय पनिहार और शा. विद्यालय क्र.2 डबरा को भी अतिसंवेदन शील केंद्र बनाया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी अजय कटियार के अनुसार परीक्षा केंद्रों में प्राथमिक उपचार की व्यवस्था रहे, इस बात का विशेष ध्यान दिया जा रहा है। केंद्रों के पास बने प्राथमिक चिकित्सा केंद्रों को सूचित कर तैयारियां पूरी करने को कहा जाएगा। वहीं प्रत्येक केंद्र पर कोरोना प्रोटोकाल का ध्यान रखते हुए मास्क और सेनेटाइजेशन का ध्यान रखा जाएगा।

