ज्योतिरादित्य सिंधिया कोई तोप नहीं हैं, कमलनाथ बोले इतने ही बड़े नेता थे तो अपने क्षेत्र में चुनाव क्यों हारे
टीकमगढ़. पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हमें सिंधिया की जरूरत नहीं है, अगर वे इतने बड़े तोप थे तो ग्वालियर का महापौर चुनाव क्यों हारे, मुरैना का महापौर चुनाव क्यों हारे। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ ने ये बात शुक्रवार को टीकमगढ़ के रेस्ट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कही। सरकार पर हमला करते हुए कमलनाथ ने कहा, बुंदेलखंड क्षेत्र में आज तक भाजपा की सरकार किसानों को पानी मुहैया नहीं करा सकी है। बेरोजगारी से युवा परेशान है। किसानों को बिजली नहीं मिल रही है। सीडी कांड के सवाल पर उन्होंने कहा कि पुलिस ने मुझे हनीट्रैप मामले की सीडी दिखाई थी। चंद मिनट देखने के बाद ही मैंने उन्हें रोक दिया था। मैंने सीडी सार्वजनिक इसलिए नहीं की, क्योंकि पहले उसकी सत्यता की जांच जरूरी थी। मैं नहीं चाहता था कि जांच किए बिना लोगों की बदनामी हो।
गरीबों को बेघर कर रही भाजपा सरकार
4 जनवरी को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान टीकमगढ़ के दौरे पर आए थे। तब उन्होंने कन्या पूजन किया था और 1 सप्ताह बाद ही प्रशासन ने उन बेटियों का घर गिरा दिया था। इस सवाल पर कमलनाथ ने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों के घर गिराने का काम कर रही है। जिस बेटी के मुख्यमंत्री ने पांव पूजे उसका घर गिराने से भाजपा का चेहरा उजागर हुआ है।

