ग्वालियर में ठेकेदार की बोलेरो से 3 लाख पार
ग्वालियर. घाटीगांव में एक बैंक के बाहर खड़ी उसकी बोलेरो जीप से चोर नकदी से भरा बैग उठा ले गए हैं। वारदात सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया की घाटीगांव ब्रांच के बाहर हुई है। बैग में 3 लाख रुपए कैश था। जिसे ठेकेदार बैंक में जमा करने आया था। वह गाड़ी में बैग छोड़कर सिर्फ पांच मिनट के लिए बाहर गया और लौटकर आया तो बैग चोरी हो चुका था। घटना का पता चलते ही पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है। बैंक के बाहर लगे CCTV कैमरे खंगालने पर एक संदेही ग्रे कलर की जैकेट में दिखा है। इसी को पुलिस संदेही मान रही है।
उदय सिंह JCB की किश्त जमा कराने रुपए लेकर आया था
घाटीगांव के सिरसा गांव निवासी उदय सिंह गुर्जर उर्फ भोलू पुत्र रानाजीत गुर्जर ठेकेदारी करते हैं। उदय सिंह सेन्ट्रल बैंक में JCB मशीन की किश्त जमा कराने के लिए बैग में तीन लाख रुपए लेकर आया था। वह अपनी बोलेरो से घाटीगांव स्थित सेन्ट्रल बैंक पहुंचे थे। यहां बाहर उन्होंने पार्किंग में बोलेरो पार्क की। ठेकेदार ने बताया कि जब वह रुपए लेकर बैंक पहुंचा तो बैंक में लाइट नहीं होने से रुपए जमा नहीं हो सके। जिस कारण रुपए से भरा बैग लेकर वापस अपनी बोलेरो में पहुंचे और बैग सीट पर रख दिया। इसी बीच उनके दो पहचान वाले कुछ ही दूरी पर विवाद करते दिखे तो वह बीच-बचाव करने के लिए जा पहुंचे। इसी बीच चोर उनका 3 लाख रुपए से भरा बैग लेकर गायब हो गए। पांच मिनट बाद जब उदय लौटा तो बैग चोरी हो चुका था। यह देखते ही उनके होश उड़ गए। यहां वहां देखा और तत्काल पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की है। साथ ही चोर का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना
घाटीगांव थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह का कहना है कि बैंक में रुपए जमा कराने आए ठेकेदार का चोरों ने 3 लाख रुपए से भरा बैंग चोरी किया है। मामला दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।

