जीतू पटवारी बोले-CD बाहर आई तो आंच गृहमंत्री पर आएगी
भोपाल. मध्यप्रदेश की सियासत में सीडी का मुद्दा थमने का नाम नहीं ले रहा। नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह के बीजेपी और आरएसएस नेताओं की अश्लील सीडी होने के दावे के चौथे दिन कांग्रेस के पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा पर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि जिस दिन सीडी बाहर आएगी, सबसे ज्यादा आंच उन्हीं पर आएगी। वहीं, भोपाल सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने कहा है कि डॉ. गोविंद सिंह का इतिहास मैं जानती हूं, जल्दी खुलासा होगा। गोविंद सिंह सावधान हो जाइए। समय की प्रतीक्षा कर रही हूं।
मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने दावा किया कि उनके पास भाजपा और आरएसएस के नेताओं की अश्लील सीडी है। इसके बाद गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा और प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा से लेकर दूसरे नेताओं के बयान भी सामने आने लगे। शुक्रवार को भोपाल में पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को आड़े हाथ लिया। पटवारी बोले मेरा गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा से सवाल है कि आपका सीडी पर फोकस क्यों रहता है। आप ट्रेलर की सीडी देखते हो, फिल्म की सीडी देखते हो। सीडी में कपड़े देखते हो, कपड़ों में रंग देखते हो। बार-बार कहते हैं कि ये सीडी कोई बाहर ला दे। अरे, सीडी जिस दिन बाहर आएगी, सबसे ज्यादा आंच उन्हीं पर आएगी।

