ग्वालियर मेला का उद्घाटन 7 को, वाहनों की बिक्री पर रोड टैक्स में छूट मिलना शुरू होगी

ग्वालियर.व्यापार मेला का उद्घाटन को लेकर चल रही असमंजस की स्थिति समाप्त हो गई है। मेले का उद्घाटन 7 जनवरी की शाम को छह बजे होगा। इसके साथ ही ऑटोमोबाइल सेक्टर से वाहनों की बिक्री शुरू हो जाएगी, जिसमें ग्राहकों को रोड टैक्स की छूट का लाभ भी मिलने लगेगा। एमएसएमई मंत्रालय से निर्देश मिलने के साथ मेला प्राधिकरण ने उद्घाटन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। उधर, जिला प्रशासन के अधिकारियों की भी बैठक गुरुवार शाम को मेले की तैयारियों को लेकर आयोजित की गई। मेले के उद्घाटन कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश के एमएसएमई मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा, प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और उद्यानिकी मंत्री भारत सिंह कुशवाह मौजूद रहेंगे। गुरुवार देर शाम एमएसएमई मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा ने बताया कि मेले का उद्घाटन सात जनवरी को होगा।

घोषणा के दो सप्ताह बाद मिलेगा छूट का लाभ
प्रदेश सरकार ने व्यापार मेले में बिकने वाले वाहनों पर रोड टैक्स में 50% छूट की घोषणा 25 दिसंबर से कर दी थी। इसके बाद भी उद्घाटन को लेकर मामला अटका हुआ था। हालांकि परिवहन विभाग के अधिकारियों का कहना था कि ऑटोमोबाइल कारोबारी जब अपने शोरूम पूरी तरह से तैयार कर लेंगे, तब ही वाहनों का वेरीफिकेशन शुरू कराया जाएगा। उधर, ऑटोमोबाइल कारोबारियों का कहना था कि शोरूम का काम 60 से 80% तक पूरा हो चुका है। थोड़ा काम बिक्री के साथ चलता रहेगा। दोनों के तर्कों के बीच ग्राहकों को छूट का लाभ सरकार की घोषणा के दो सप्ताह बाद मिलना शुरू हो पाएगा। अब यह तय हो गया है कि सात जनवरी से वाहनों की बिक्री भी शुरू करा दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *