LatestNewsराजनीतिराज्य

ग्वालियर-चंबल संभाग के सभी स्कूलों में म्युजिक कक्ष बनेगा

अर्द्धवार्षिक परीक्षा परिणाम खराब होने पर तीन जिला शिक्षा अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस

ग्वालियर -ग्वालियर-चंबल संभाग के सभी शासकीय स्कूलों में संगीत के लिये पृथक से कक्ष बनाया जाए ताकि विद्यार्थी संगीत के बारे में भी जानें और उसको सीख सकें। ग्वालियर एवं चंबल का क्षेत्र पुरातत्व एवं संगीत के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखता है। संभागीय आयुक्त दीपक सिंह ने गुरूवार को सीएम राईज स्कूल के संबंध में आयोजित ग्वालियर-चंबल संभाग के अधिकारियों की बैठक में यह बात कही।
संभागीय आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में संयुक्त संचालक लोक शिक्षण के साथ ही सभी जिलों के जिला शिक्षा अधिकारी और आदिम जाति कल्याण विभाग के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
संभागीय आयुक्त ने ग्वालियर-चंबल संभाग में अर्द्धवार्षिक परीक्षा के परिणामों की समीक्षा के दौरान ग्वालियर, गुना एवं अशोकनगर के परीक्षा परिणाम संतोषजनक न पाए जाने पर तीनों जिला शिक्षा अधिकारियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही जिन जिलों के परीक्षा परिणाम अच्छे रहे हैं उनके जिला शिक्षा अधिकारियों की प्रशंसा भी की है। संभागीय आयुक्त श्री सिंह ने बैठक में यह भी निर्देशित किया है कि सभी विद्यालयों में एक बोर्ड तैयार किया जाए जिसमें शिक्षक का फोटो और उसके विषय का उल्लेख हो। 26 जनवरी 2023 तक ग्वालियर-चंबल संभाग के सभी स्कूलों में यह बोर्ड लगें, यह सुनिश्चित किया जाए।
सीएम राईज स्कूल की समीक्षा के दौरान बताया गया कि ग्वालियर-चंबल संभाग में 47 सीएम राईज स्कूल का निर्माण किया जा रहा है। इसके लिये शिक्षकों का प्रशिक्षण करने के साथ ही अन्य कार्य भी किए जा रहे हैं। संभाग आयुक्त ने कहा कि सभी सीएम राईज स्कूलों में लैब एवं लाइब्रेरी का निर्माण भी अवश्य किया जाए। सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को भी निर्देशित किया है कि वे सीएम राईज स्कूल के निर्माण कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। शासन स्तर से सीएम राईज स्कूल के निर्माण के लिये जो भी दिशा-निर्देश दिए गए हैं उसका पालन भी सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *