डायल 100 का संचालन करने वाली कंपनी बंद कर सकती है अपना काम

भोपाल. प्रदेश भर में लोगों को पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के लिए चल रहे डायल 100 वाहनों का संचालन करने वाली कंपनी का 47 करोड़ रुपये का बिल शासन के पास लंबित है। कंपनी के अधिकारियों ने पुलिस महकमे के अधिकारियों को मौखिक तौर पर चेतावनी दी है कि भुगतान नहीं किया गया तो मजबूरी में संचालन बंद करना पड़ सकता है। दरअसल, कंपनी का कार्यकाल दो साल पहले ही खत्म हो गया था, नई कंपनी का चयन नहीं हो पाने के कारण तीन बार छह-छह माह का सेवा विस्तार दिया गया। जून के बाद से कंपनी काम तो कर रही है, लेकिन सेवा विस्तार नहीं मिला है। इसी वजह से भुगतान नहीं हो पा रहा है। ऐसे में कंपनी की आर्थिक स्थिति बिगड़ने की वजह से अब वह हाथ खड़े कर रही है। हालांकि, कंपनी के अधिकारी इस संबंध में बात करने से बच रहे हैं। भुगतान नहीं होने की बात स्वीकार करने के बाद भी कुछ भी वक्तव्य देने से मना कर दिया।

उधर, नई कंपनी के चयन के लिए तकनीकी निविदा खोलने की तारीख एक बार फिर 15 दिन के लिए बढ़ा दी गई है। पहले यह 23 दिसंबर को खुलने वाली थी। तकनीकी निविदा खुलने के बाद वित्तीय खोली जाएगी। इसके बाद कंपनी का चयन कर एमओयू किया जाएगा। संचालन के लिए कंपनी को दो से तीन माह का समय तैयारी करने के लिए देना पड़ेगा। मार्च के पहले नई कंपनी का आना मुश्किल है। ऐसे में मौजूदा कंपनी का कार्यकाल दिसंबर के बाद फिर तीन माह के लिए बढ़ाया जा सकता है। बता दें कि नई कंपनी द्वारा संचालन शुरू करने के साथ ही कई सुविधाएं भी बढ़ेंगी। प्रदेश में अभी एक हजार वाहन हैं, जो चरणबद्ध तरीके से बढ़ाकर दो हजार किए जाएंगे। सफारी की जगह इनोवा वाहन चलेंगे, जो शहरी क्षेत्र में पांच मिनट और ग्रामीण क्षेत्र में 15 मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंच जाएंगे। गाड़ियों में सीसीटीवी कैमरे लगे रहेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *