दूध के दाम दो रुपये लीटर तक बढ़े, कल से लागू होंगी नई दरें

भोपाल. नववर्ष से पहले भोपाल दुग्ध सहकारी संघ ने उपभोक्‍ताओं को महंगाई का एक और झटका। सांची ने दूध के विभिन्न ब्रांडों पर प्रति लीटर दो रुपए तक दाम बढ़ा दिए हैं। दूध के यह दाम रविवार सुबह से प्रभावी हो जाएंगे। दाम बढ़ते ही लोगों को सांची का डायमंड ब्रांड का 500 मिली पैक 32 के बजाय अब 33 रुपये में मिलेगा। यानी एक लीटर दूध के लिए अब 64 के बजाय 66 रुपये चुकाने होंगे। वहीं गोल्ड वेरिएंट दूध का एक लीटर पैकेट 63 रुपये में मिलेगा। वर्तमान में इसकी कीमत 61 रुपये प्रति लीटर है। दो माह पहले भी दूध के दाम में बढ़ोतरी की गई थी। तब 20 अक्टूबर को दूध के दाम बढ़ाए गए थे। तब एक लीटर सांची गोल्ड की कीमत 59 रुपये प्रति लीटर थी। राजधानी भोपाल के साथ सीहोर, विदिशा, बैतूल, रायसेन, हरदा, नर्मदापुरम और राजगढ़ में भी के दूध के दामों में बढ़ोतरी हो जाएगी।

भोपाल दुग्ध संघ दूध के चार वेरिएंट के जरिए राजधानी भोपाल सहित आठ जिलों में प्रतिदिन तीन लाख 25 हजार लीटर दूध रोजाना बेचता है। इसके पूर्व भी दीपावली से ठीक पहले सांची ने अपने दूध के दामों में 2 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोत्तरी की थी। दो माह बाद फिर से दाम बढ़ने के कारण लोगों पर महंगाई की मार पड़ेगी। अक्टूबर माह में भोपाल सहकारी दुग्‍ध संघ ने अपने नियमित ग्राहकों के एक माह के एडवांस पेमेंट पर मिलने वाली 50 पैसे प्रति लीटर की छूट को भी खत्‍म कर दिया था।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *