कोरोना को लेकर CM शिवराज ने ली बैठक, अफसरों से कहा-पूरी तैयारी रखें, अस्पतालों में व्यवस्थाएं दुरुस्त कर लें
भोपाल. कोरोना को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। मध्यप्रदेश में भी अलर्ट जारी किया गया है। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कोरोना को लेकर बैठक की। जिसमें सीएम ने स्वास्थ्य विभाग के अफसरों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि कोरोना से लड़ने के लिए पूरी तैयारी रखें। सीएम ने कहा कि ऑक्सीजन प्लांट की मॉक ड्रिल कराई जाए। अस्पताल में कोरोना निराकरण की व्यवस्थाओं को सुनिश्चित कर लें। दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए। सीएम ने कहा है कि जिन लोगों ने बूस्टर डोज नहीं लगवाया है, वे डोज लगवाएं। हालांकि अभी स्थिति सामान्य है, फिर भी अलर्ट रहें।
प्रदेश की लैब्स में संदिग्ध मरीजों के भेजे गए 100 सैंपलों की जांच की
इधर मध्यप्रदेश में कोविड पॉजिटिविटी दर शून्य हो गई। इस बात का खुलासा स्वास्थ्य संचालनालय की कोविड हेल्थ बुलेटिन रिपोर्ट से हुआ है। प्रदेश की अलग-अलग लैब्स में कोविड संदिग्ध मरीजों के भेजे गए 100 सैंपलों की जांच की गई, जो जांच में निगेटिव निकले। उधर प्रदेश में कोविड के नए वैरिएंट का अलर्ट जारी करने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने इससे निपटने के लिए तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। इसके लिए सभी जिलों के CMHO को सर्विलांस सैंपलिंग और पॉजिटिव मरीजों के लिए इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं, ताकि कोविड आउटब्रेक होने पर मरीजों को इलाज के लिए परेशान न होना पड़े।
जांच संबंधी गाइडलाइन जारी
स्वास्थ्य आयुक्त डॉ. सुदाम खाड़े द्वारा कलेक्टर और CMHO के लिए जारी गाइडलाइन के अनुसार संक्रमित के संपर्क में आने वाले 60 से अधिक उम्र के बुजुर्ग, जिन्हें पूर्व से शुगर, बीपी, कैंसर हो और सर्दी-जुकाम के लक्षण भी हो तो जांच करवाई जाए। यानी हाई रिस्क ग्रुप वालों की ही जांच करना है।

