मुरैना में अवैध पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट, 4 लोगों की मौत, 4 लोगों की हालत गंभीर
मुरैना. मुरैना में गुरुवार को एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट हो गया। घटना में 4 लोगों की मौत हो गई, 4 लोगों की हालत गंभीर है। धमाका इतना जबरदस्त था कि जिस बिल्डिंग में पटाखे बनाए जा रहे थे, वो ढह गई। इमारत के मलबे में कई लोग दब गए। अब तक 7 लोगों को निकाला गया है। इनमें 9 साल की एक बच्ची भी है।
बाहर से लाया गया पटाखों का स्टॉक, पैकिंग के दौरान ब्लास्ट
बानमौर कस्बे की इमारत में सुबह 9 बजे यह धमाका हुआ। जानकारी के मुताबिक, इमारत में बाहर से लाए गए पटाखों का स्टॉक रखा गया था। पटाखों की पैकिंग चल रही थी। कुछ लोग पटाखे बना रहे थे। इसी दौरान विस्फोट होने से यह हादसा हुआ। धमाके से आसपास के घरों की दीवारों को भी नुकसान पहुंचा है। धमाके की आवाज सुनते ही स्थानीय मलबे में बचे लोगों को बचाने के लिए पहुंचे। अब पुलिस रेस्क्यू ऑपेरशन कर रही है।
मलबा हटाने में जुटीं 3 जेसीबी
जिस बिल्डिंग में विस्फोट हुआ है, उसके पीछे का घर भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। मलबे को हटाने के लिए तीन जेसीबी लगाई गई है। इस मकान में कई लोग किराए पर रहते हैं। प्रशासन की टीम इस बिल्डिंग में रहने वाले लोगों का ब्योरा जुटा रही है।

