MP के 17 जिलों में हुई तूफानी बारिश, 3 दिन बाद फिर होगी झमाझम
भोपाल. मध्यप्रदेश में मानसून सीजन को 3 महीने हो चुके हैं। मानसून ने 16 जून को प्रदेश में एंट्री की थी। अब तक 17 शहरों में बारिश की हाफ सेंचुरी पूरी हो चुकी है। यानी यहां 50 इंच या इससे अधिक पानी गिर चुका है। सबसे ज्यादा बारिश भोपाल में 69 इंच हुई है। जुलाई और अगस्त में सबसे ज्यादा पानी गिरा। सितंबर के पहले दो सप्ताह में कम पानी गिरा, लेकिन तीसरे सप्ताह में 4 दिन की बारिश ने कई इलाकों को लबालब कर दिया। शनिवार से प्रदेश को तेज बारिश से राहत मिली। अधिकतर इलाकों में धूप-छांव रही। खंडवा, उमरिया, छिंदवाड़ा, सतना, दमोह, जबलपुर और ग्वालियर में हल्की बारिश हुई। सबसे ज्यादा खंडवा में 1 इंच से ज्यादा पानी गिरा। भोपाल में दोपहर तक बादल छाए रहे। फिर हल्की धूप निकली। प्रदेश में 21 और 22 को फिर से झमाझम होने के आसार हैं।
20 सितंबर से नया सिस्टम एक्टिव होगा
फिलहाल मानसून का मध्यप्रदेश में 5 दिन का ब्रेक हो गया है। 18 से लेकर 20 सितंबर तक प्रदेश में ज्यादा बारिश नहीं होने के आसार हैं। अगला सिस्टम 20 सितंबर से सक्रिय होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 21 और 22 सितंबर को बारिश की संभावना जताई है।
भोपाल समेत इन जिलों में फिर गिरेगा पानी
21 और 22 सितंबर को प्रदेश कई इलाकों में बारिश हो सकती है। इनमें भोपाल, रायसेन, राजगढ़, विदिशा, सीहोर, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, उमरिया, छिंदवाड़ा, जबलपुर, बालाघाट, नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, बैतूल, हरदा और नर्मदापुरम शामिल हैं।

