सरकार के सामने नरोत्तम को CM बनाने के लगे नारे
भोपाल. पिछले दिनों ‘सरकार’ धार्मिक यात्रा पर पहले दतिया और फिर मैहर गए थे। वे जब पाठ-पूजा कर मंदिर के बाहर आए तो पार्टी के नेता-कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए तैनात थे। इस बीच कुछ कार्यकर्ताओं ने नारे लगाना शुरू कर दिए। देश का नेता कैसा हो, नरोत्तम मिश्रा जैसा हो। यह सुनते ही स्थानीय नेता अवाक रह गए। ‘सरकार’ ने मुस्कुराते हुए अपना स्वागत स्वीकार किया और रवाना हो गए। ये कार्यकर्ता किसके समर्थक थे और किसके निर्देश पर नारे लगा रहे थे, इसकी जानकारी ‘सरकार’ के भोपाल पहुंचते ही उन तक पहुंच गई। राज्य के खुफिया तंत्र ने पूरी रिपोर्ट उन्हें सौंप दी। सुना है कि मैहर के ही एक BJP नेता के समर्थकों ने ये नारे लगाए थे। ये वही नेता हैं, जो ‘सरकार’ की कार्यप्रणाली को लेकर पत्र लिखकर सवाल खड़े करते हैं। जो कुछ भी हो उनका पंडितजी के साथ ‘खेला’ करने का दांव फेल हो गया।

