साइंस कॉलेज में स्ट्रांग रूम के 2 CCTV कैमरे बंद होने पर मचा बवाल, प्रत्याशियों ने किया हंगामा
ग्वालियर. ग्वालियर नगर निगम चुनाव के लिए मतदान होने के बाद EVM साइंस कॉलेज में बने स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रख दी गई हैं। 150 जवान और 24 CCTV कैमरे इनकी निगरानी कर रहे हैं। स्ट्रांग रूम के बाहर दो बड़ी LED स्क्रीन पर LIVE अंदर के हालचाल देख सकते हैं। 66 वार्ड के प्रत्याशी या उनके समर्थक यहां पहरा दे रहे हैं, लेकिन गुरुवार रात दो रूम के CCTV कैमरे कुछ सेकंड के लिए बंद हुए। स्क्रीन पर कैमरे की पिक्चर की जगह ब्लैक आउट हो गया। यह देखकर वहां पहरा देर रहे प्रत्याशियों ने हंगामा खड़ा कर दिया। उन्होंने अचानक कैमरे बंद होने पर आपत्ति जताई है। हालांकि वहां मौजूद पुलिस बल व अफसरों ने स्थिति को तत्काल नियंत्रण में ले लिया है।
यह है पूरा मामला
ग्वालियर नगर निगम के महापौर पद और 66 वार्ड के प्रत्याशियों के लिए 6 जुलाई को मतदान होने के बाद उनकी किस्मत का फैसला EVM (इलेक्ट्रोनिक्स वोटिंग मशीन) में सुरक्षित हो गया है। यह EVM साइंस कॉलेज में बने स्ट्रांग रूम में रखी हैं। 1169 मतदान केन्द्र की EVM को अलग-अलग क्षेत्र के आधार पर अलग-अलग रूम में रखा गया है। 17 जुलाई को मतगणना होनी है। ऐसे में यहां 150 जवान व 24 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। प्रत्याशी भी बाहर पहरा दे रहे हैं। अंदर स्ट्रांग रूम में लगे CCTV कैमरे अंदर की हलचल को बाहर दो बड़ी LED टीवी स्क्रीन पर दिखा रहे हैं। पर गुरुवार रात उस समय हंगामा हो गया जब दो CCTV कैमरे की कोई फुटेज स्क्रीन पर नहीं आ रही थी। दोनों कैमरों की जगह स्क्रीन पर ब्लैक आउट हो गया। इसको लेकर प्रत्याशी नाराज हुए और उन्होंने हंगामा खड़ा कर दिया। हालांकि कुछ देर बाद दोनों स्क्रीन पर फुटेज दिखने लगे, लेकिन चंद सेकंड के लिए CCTV कैमरे बंद होने पर कई सवाल प्रत्याशियों ने खड़े कर दिए हैं।

