ग्वालियर कांग्रेस में घमासान, जिलाध्यक्ष सहित कई बड़े नेताओं के इस्तीफे तैयार, भोपाल से लौटते ही अशोक सिंह-जिलाध्यक्ष के घर पहुंचे
ग्वालियर. ग्वालियर में कांग्रेस जिलाध्यक्ष देवेन्द्र शर्मा सहित कई बड़े नेता बगावत के मूड में आ गए हैं। इसका कारण पार्षद प्रत्याशियों को बदलने की खबर है। कांग्रेस पीसीसी चीफ ने भोपाल, देवास, कटनी और जबलपुर में 11 प्रत्याशी बदल दिए हैं। ग्वलियर में भी पांच प्रत्याशी बदले जाने की खबरों के बाद सभी बड़े नेता नाराज हैं और बगावत के लिए तैयार हैं। जिलाध्यक्ष ने तो यहां तक कह दिया कि जिन प्रत्याशी को अभी टिकट मिले हैं वह प्रचार में लग चुके हैं ऐसे में प्रत्याशी बदले जाते हैं जो बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। जरुरत पड़ी तो हम इस्तीफा दे देंगे, क्यों यह एक कार्यकर्ता की हत्या है। यह सहन नहीं होगी। सूचना ऐसी भी है कि बुधवार को कांग्रेस में मचे इस घमासान को सुलझाने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी आ रहे हैं पर बाद में यह अफवाह निकली।
भोपाल, कटनी, देवास व जबलपुर में बदले हैं प्रत्याशी
ग्वालियर में प्रत्याशी बदलने की खबरें अटकलें नहीं है। यह फैक्ट है, क्योंकि कांग्रेस में ऐसा चल रहा है। मंगलवार को भोपाल, कटनी, देवास व जबलपुर के 11 पार्षद प्रत्याशियों को बदला गया है। इनमें से भोपाल के 8 व कटनी, देवास और जबलपुर के 1-1 प्रत्याशी हैं। ग्वालियर में भी पांच प्रत्याशियों को बदलने की खबर है।
जिलाध्यक्ष का कहना
कांग्रेस जिलाध्यक्ष देवेन्द्र शर्मा ने बताया कि अभी तक सब ठीक है। मैंने भी कोई इस्तीफा नहीं दिया है। यह खबर गलत है, लेकिन यदि प्रत्याशियों के नाम बदले जाते हैं तो उसका विरोध किया जाएगा। जरुरत पड़ी तो इस्तीफा भी दिया जाएगा हो सकता है हमें निकाल दिया जाए।