ग्वालियर में सगाई से नाराज युवती प्रेमी के घर पहुंची,पेट्रोल डाल आग लगा ली

ग्वालियर. सुसाइड का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां बॉयफ्रेंड से खफा गर्लफ्रेंड ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश की है। 44 डिग्री टेम्प्रेचर में शरीर में आग लगते ही छात्रा सड़क पर दौड़ी और गिर पड़ी। काफी देर तक वह जलती रही। आसपास के लोगों ने पानी डालकर आग बुझाकर उसे अस्पताल पहुंचाया जहां छात्रा की हालत नाजुक है। बताया जाता है कि छात्रा 90 प्रतिशत जल गई है। घटना शुक्रवार दोपहर सीपी कॉलोनी के एसएलपी कॉलेज के सामने की है।

पेट्रोल लेकर पहुंची प्रेमी के घर
पिंटो पार्क गोला का मंदिर स्थित सैनिक कॉलोनी में रहने वाले सतेन्द्र सिंह सरकारी टीचर है और उनकी बेटी सृष्टि चौहान (21) मुरार स्थित विजयाराजे सिंधिया गर्ल्स कॉलेज में बीएससी थर्ड ईयर की छात्रा है। जानकारी के अनुसार वह एसएलपी कॉलेज में पढ़ने वाले आशीष पाठक से दोस्ती थी। दोनों काफी समय से एक-दूसरे के साथ समय व्यतीत कर रहे थे। दोनों ने शादी करने और जीवन भर साथ रहने की कसम खाई थी। जिसके बाद दोपहर वह दो लीटर की बोतल में पेट्रोल लेकर प्रेमी के घर पहुंची। सृष्टि ने आशीष को बाहर बुलाया लेकिन वह नहीं आया इसके बाद वह भड़क गई। घर से करीब 200 मीटर दूर पर एसएलपी कॉलेज में अंदर गई। यहां खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। आग लगते ही वह कॉलेज के दूसरे नंबर के गेट से बाहर सड़क की तरफ दौड़ी और वहीं गिर पड़ी। लपटों से घिरी लड़की को देखते ही वहां आसपास लोगों ने पानी डालकर उसे बुझाया जिसके बाद उसे अस्पताल लेकर गए और पुलिस को भी सूचना दी।

बॉयफ्रेंड की सगाई से थी नाराज
छात्रा के पिता सतेन्द्र का कहना है कि बेटी ने 10 दिन पहले आशीष के बारे में बताया था साथ ही, शादी करने का जिक्र किया था। एक दिन पहले छात्रा का पिता आशीष के घर पहुंचे, तो पता लगा कि उसकी तीन दिन पहले ही सगाई हुई है। सतेंद्र सिंह चौहान के मुताबिक आशीष के परिजन ने यह भी बताया कि रिश्ता लड़के की मर्जी से ही हुआ है। यह बात उन्होंने सृष्टि को बताई। इस बात को लेकर वह नाराज हो गई। वह खुद को ठगा सा महसूस करने लगी। तीन दिन पहले लड़के ने बेटी को मिलने भी बुलाया था। उस समय दोनों की बहस भी हुई थी। एएसपी शहर राजेश दंडौतिया का कहना है कि एक छात्रा ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाई है। छात्रा की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। उसका ईलाज चल रहा है। छात्रा प्रेमी की शादी से नाराज थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *