कोरोना की तीसरी लहर से पहले ग्वालियर में आक्सीजन के 9 प्लांट लगे, पर चालू एक भी नहीं

ग्वालियर. ग्वालियर में दूसरी लहर में सांसों का संकट गहराया तो तीसरी लहर से पहले शासन ने आक्सीजन प्लांट और टैंक लगाने की पहल की। ग्वालियर के जयाराेग्य अस्पताल में चार प्लांट लगाए गए जबकि चार आक्सीजन टैंक लगाए जाने हैं। इधर जिला अस्पताल में भी केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिं तोमर की पहल पर एक प्लांट लगाया जा चुका है। हजीरा, हस्तिनापुर, मोहना व डबरा में आक्सीजन प्लांट अभी निर्माणाधीन है। खास बात यह है कि जो आक्सीजन प्लांट लग चुके हैं, उनमें से एक भी आज तक चालू नहीं हो सका जबकि प्लांट लगे एक माह से अधिक वक्त गुजर चुका है। अफसर यह तक पता नहीं कर सके कि जो प्लांट लगे हैं, वह ठीक से काम करेगा भी या नहीं।

यदि मरीजों की संख्या फिर से बढ़ी तो आक्सीजन का संकट एक बार फिर गहरा सकता है जबकि हाइकोर्ट भी इस पर नजर रखे हुए है। हाइकोर्ट ने प्रदेश सरकार को आक्सीजन प्लांट,आइसीयू,पीआइसीयू की तैयारी में ढील काे लेकर नाराजगी भी जाहिर की थी। अभी जेएएच में 90 बेड का न तो आईसीयू तैयार हुआ और न हीं जिला अस्पताल में 20 बेड का आइसीयू चालू हो सका।

हजीरा, व प्रसूतिगृह मुरार में पीआइसीयू भी पूरी तरह से तैयार नहीं है। जबकि जानकार तीसरी लहर की आशंका 15 अक्टूबर तक जता चुके हैं। ऐसे में खतरा अब निकट ही है। इसके बाद भी प्लांट चालू नहीं हो सका। उधर जेएएच में चार टैंक लगने है, जिनका ठेका भी किसी कंपनी को नहीं दिया जा सका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *