ग्वालियर में 91 संदिग्ध की रिपोर्ट निगेटिव, हॉट-स्पॉट बने क्षेत्रों की टीमें कर रही स्क्रीनिंग
ग्वालियर. जीआर मेडिकल कॉलेज ने 91 संदिग्ध कोरोना मरीजों की जांच की है। राहत की बात ये है कि सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। उधर 5 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की स्वास्थ्य विभाग ने दोबारा सैंपलिंग की है जिनको जांच के लिए डीआरडीई भेजा गया है। इनकी रिपोर्ट भी शुक्रवार की शाम तक आने की संभवना है। वहीं जेएएच एवं जिला अस्पताल से लगभग 90 सैंपल जांच के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचे है। स्वास्थ्य विभाग ने अब तक कोरोना पॉजिटिव नर्स के कांटेक्ट में आ लोगों की सैंपलिंग नहीं की है। इससे कोरोना का खतरा बढ़ने की आशंका है।
जीआर मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबॉयोलॉजी विभाग में बुधवार की रात को 91 सैंपल टेस्ट के लिए लगाए गए थे सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई थी वहीं अब 8 सैंपल आईसीएमआर इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च की गाइड लाइन के अनुसार नहीं होने के कारण रिजेक्ट कर दिए गए है।
हॉट-स्पॉट बने क्षेत्रों की टीमें कर रही स्क्रीनिंग
कोरोना पॉजिटिव मिले 4 लोगों के घरों को एपिसेंटर बनाने के बाद सर्वे का काम चालू हो चुका है। डॉ., एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकताओं का दल गठित कर सर्वे व स्क्रीनिंग का काम कराया जा रहा है। सत्यदेव नगर, ढोलीबुआ का पुल और विजय नगर में सर्वे व स्क्रीनिंग का काम कराया गया। इन क्षेत्रों को सील किया गया है जिसको लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी रही। कुछ लोगों ने इसे सुरक्षा को लेकर अच्छा कदम बताया वहीं सत्यदेव नगर की कोरोना पॉजिटिव मरीज के परिजनों ने क्षेत्र को सील करने से परेशानी बढना बताया है।
