अति आवश्यक वस्तुओं के ट्रांसपोर्टेशन में लगे वाहनों को कदापि न रोका जाये-संजय झा, एडीजी
भोपाल. अतिआवश्यक वस्तुओं के परिवहन में लगे वाहनों को रास्ते में कदापि न रोका जाये, जिससे आम जनता को रोजमर्रा के लिये आवश्यक सामग्री की आपूर्ति बाधित न हों । इस आशय के निर्देश कोरोना संक्रमण की वजह से लागू लॉकडाउन को ध्यार में रखकर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक दूरसंचार संजय झा ने भोपाल और इन्दौर के डीआईजी समेत पूरे मप्र के सभी जिलों पुलिस अधीक्षकों को जारी किये गये हैं। उन्होंने कहा है कि पुलिस मैदानी अधिकारियों को ताकीद कर इन निर्देशों का गंभीरता से पालन करायें।
एडीजी दूरसंचार संजय झा द्वारा जारी निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि अतिआवश्यक वस्तुओं के ट्रांसपोर्टेशन में लगे किसी वाहन को यदि रास्ते में रोका जाता है तो वाहन चालक उसकी शिकायत डायल 100 पर कर सकते है। ऐसी शिकायतों का निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए तत्काल समाधान कराया जायेगा। उन्होंने पुलिस अधीक्षकों को हिदायत दी है कि डायल -100 सेवा द्वारा इस प्रकार की शिकायतों के निराकरण के संबंध में व्यापक प्रचार प्रसार भी कराया जाये। जिससे समस्या आने पर वाहन चालक शिकायत दर्ज करा सकें। एडीजी दूरसंचार संजय झा ने अति आवश्यक वस्तुओं के ट्रांसपोर्टेशन से जुड़े वाहनों संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिये जिले स्तर पर एएसपी स्तर के अधिकारी को नोडल अधिकारी के रूप में तैनात करने को कहा हैं।
