ग्वालियर में 6 साल से वायुसेना कर्मी अपने ही दोस्त की नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ कर रहा था, आरोपी गिरफ्तार
ग्वालियर.एक वायुसेना कर्मी पर अपने ही दोस्त की नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ का आरोप लगा है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और आरोप है कि बीते 6 साल से वायुसेना कर्मी नाबालिग को प्रताडि़त कर रहा था। नाबालिग लड़की के पिता भी वायुसेना में पदस्थ है। छेड़छाड़ करने वाला वायुसेना कर्मी उनका दोस्त है और ग्वालियर के गोला मंदिर थाना क्षेत्र के पिंटू पार्क स्थित वायुसेना कॉलनी में नाबालिग लड़की का परिवार और आरोपी आमने-सामने रहते है। आरोपी का नाबालिग लड़की के घर आना जाना था। लड़की के पिता का दोस्त होने की वजह से सब इसे सामान्य तरीके से लेते थे।
लड़की ने अपने पिता को पूरी बात बताई
वायुसेना कर्मी पर आरोप है कि वह 6 सालों से नाबालिग को परेशान कर रहा था। हद तो तब हो गई जब उसने लड़की के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। इस घटना के बाद लड़की ने अपने पिता को पूरी बात बताई जिसके बाद नाबालिग के परिजनों ने आरोपी वायुसेना कर्मी के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
भारतीय वायुसेना को भी इसके बारे में जानकारी दी
वहीं पुलिस ने छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गोला मंदिर थाना पुलिस ने कहा कि भारतीय वायुसेना को भी इसके बारे में जानकारी दे दी है। मामले की जांच चल रही है जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

