ग्वालियर में CM मोहन यादव के जाते ही JAH ट्रॉमा सेंटर के पलंगों से उतरीं चादरें

ग्वालियर. शीतला माता मंदिर हादसे के घायलों का हाल जानने सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जयाआरोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचे तो उनके आने से पहले व्यवस्थाएं चकाचक कर दी गईं। उपचार कक्ष की टेबल, स्ट्रेचर और पलंगों पर नई चादरें बिछाई गईं, लेकिन यह बदलाव एक दिन भी कायम नहीं रह सका। मंगलवार को ट्रॉमा सेंटर की व्यवस्था फिर पुराने ढर्रे पर लौट आई। स्ट्रेचर से चादरें गायब थीं और उपचार कक्ष में पुरानी टेबल पर बिना चादर बिछाए ही मरीजों को देखा जा रहा था। इससे अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
घायलों के स्वजन ने हंगामा करते हुए नाराजगी जताई
ट्रॉमा सेंटर में आने वाले मरीजों को तत्काल उपचार की जरूरत होती है। ऐसे में स्ट्रेचर और उपचार टेबल पर स्वच्छ चादरों की उपलब्धता तथा साफ-सफाई बुनियादी जरूरत है। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान इन व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया, लेकिन अगले ही दिन इनका नदारद होना बताता है कि सुधार को नियमित व्यवस्था का हिस्सा बनाने की जरूरत है। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान चकाचक व्यवस्थाएं देखकर मरीजों के स्वजन ने भी इन्हें आगे बनाए रखने की अपेक्षा जताई थी। वहीं, घायलों के स्वजन ने हंगामा करते हुए ऐसी व्यवस्थाओं को दिखावे तक सीमित रखने पर नाराजगी जताई थी।
आकस्मिक उपचार केंद्र के पास का दरवाजा फिर बंद
ट्रामा सेंटर में आकस्मिक उपचार केंद्र के पास का दरवाजा मंगलवार को फिर बंद मिला। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान व्यवस्थाओं में बदलाव नजर आया था, लेकिन अगले दिन दरवाजा बंद होने से मरीजों और उनके स्वजन की आवाजाही से जुड़ी व्यवस्था फिर पहले जैसी हो गई। आपातकालीन उपचार केंद्र में आने वाले मरीजों के लिए रास्तों की उपयोगिता और सुचारु आवाजाही महत्वपूर्ण है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *