MP के मेडिकल कॉलेजों में OPD बंद, स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर इंटर्न डॉक्टरों का धरना
भोपाल. मध्य प्रदेश में स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर इंटर्न डॉक्टरों का धरना-प्रदर्शन दूसरे दिन मंगलवार को भी जारी है। सबसे बड़ा प्रदर्शन भोपाल में कमला पार्क के पास हो रहा है, जहां वे सड़क पर बैठे हैं। उनका कहना है कि मांगें पूरी होने तक यहां से नहीं हटेंगे। उधर, एडिशनल कमिश्नर शैलेंद्र सिंह चौहान ने कहा- हम इंटर्न डॉक्टरों से बात कर रहे हैं कि वे सड़क खाली कर दें।

डॉक्टर्स ने कहा स्टाइपेंड बढ़ाने का लिखित आदेश मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा
इंटर्न डॉक्टरों के काम बंद करने की वजह से भोपाल में हमीदिया, इंदौर में एमवाय समेत कई मेडिकल कॉलेजों में ओपीडी सेवाएं प्रभावित हैं। केवल सीनियर डॉक्टर मरीजों का इलाज कर रहे हैं। इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने इंटर्न डॉक्टर्स के प्रतिनिधियों से बात की। उन्होंने मुख्यमंत्री के लौटने पर स्टाइपेंड बढ़ाने पर चर्चा की बात कही। इस पर इंटर्न डॉक्टर्स ने कहा- स्टाइपेंड बढ़ाने का लिखित आदेश मिलने और पुलिस एक्शन के खिलाफ कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
वाटर कैनन चलाने की जांच के आदेश
इससे पहले सोमवार को सीएम हाउस की ओर मार्च कर रहे इंटर्न डॉक्टरों को पुलिस ने रोका था। इस दौरान वाटर कैनन भी चलाई। डॉक्टर्स ने लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल का आरोप भी लगाया। इस पर पुलिस ने कहा- धक्कामुक्की के बाद वाटर कैनन चलाया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वाटर कैनन मामले में जांच के निर्देश दिए हैं।
