TET के विरोध में दिल्ली कूच कर रहे शिक्षकों को पुलिस ने रोका, ग्वालियर-चंबल में प्रदर्शन
ग्वालियर. टीईटी परीक्षा निरस्त करने की मांग को लेकर रविवार को दिल्ली में प्रस्तावित शिक्षक आंदोलन में शामिल होने जा रहे मध्य प्रदेश के शिक्षकों को कई स्थानों पर पुलिस ने रोक दिया। कैलारस में 300 से 400 शिक्षक बसों से दिल्ली के लिए रवाना हो रहे थे जिन्हें पुलिस ने रोककर थाने में बैठा लिया। वहीं श्योपुर में पुलिस की कार्रवाई के विरोध में शिक्षकों ने गांधी चौक पर प्रदर्शन किया। भिंड, मुरैना और ग्वालियर में भी दिल्ली जा रहे शिक्षकों को रोके जाने की जानकारी सामने आई है। इससे शिक्षकों में नाराजगी है और उन्होंने आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है।
भिंड, मुरैना, और ग्वालियर में भी रोके
भिंड से दिल्ली जा रहे शिक्षकों की दो बसों को बस स्टैंड और सर्किट हाउस के पास रोके जाने की जानकारी है। कुछ शिक्षक निजी वाहनों से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। मुरैना के जौरा में भी शिक्षकों को दिल्ली जाने से रोका गया जिसके विरोध में उन्होंने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। ग्वालियर में भी दिल्ली जाने वाले शिक्षकों को पुलिस द्वारा रोके जाने की जानकारी सामने आई है।
शिवपुरी में शिक्षकों को नजरबंद किया और ग्वालियर में रोके
शिवपुरी में भी अपनी मांगों को लेकर जिले भर से करीब 1000 शिक्षक दिल्ली के लिए रवाना होने की तैयारी में थे। जिनमें कुछ शिक्षकों को पुलिस ने घरों में ही नजर बंद कर दिया और कुछ शिक्षक ग्वालियर में रोक दिए गए। करीब 500 से ज्यादा शिक्षक मौका देख निकल गए। जो दिल्ली के नजदीक पहुंच गए है, जो अपनी गाडियों से निकले है।
शिक्षकों ने बताया कि शिवपुरी जिले से करीब 1000 शिक्षक अपनी मांगों को लेकर दिल्ली के लिए निकले लेकिन कुछ शिक्षकों को बीच में ही रोक दिया गया है। हालांकि कोतवाली पुलिस का कहना है कि कहीं किसी की कोई घर पकड नहीं की गई है और ना ही ऐसा कोई पॉइंट मिला है।
श्योपुर में गांधी चौक पर प्रदर्शन
श्योपुर में दिल्ली आंदोलन में शामिल होने के लिए रवाना हो रहे शिक्षकों को कोतवाली थाना पुलिस ने रोक दिया। इससे नाराज शिक्षक गांधी चौक पर एकत्रित हो गए और पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने नारेबाजी करते हुए दिल्ली जाने की अनुमति देने की मांग की। शिक्षकों का कहना था कि वे अपनी मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन में शामिल होने जा रहे थे। उन्हें रोकना उचित नहीं है। प्रदर्शन को देखते हुए गांधी चौक और कोतवाली के आसपास पुलिस बल तैनात रहा।

