दंगे के दौरान 3 से 4 लोगों ने ताहिर हुसैन को पुलिस से छिपाया, सभी मुस्तफाबाद के रहने वाले- दिल्ली पुलिस
नई दिल्ली. उत्तर-पूर्व दिल्ली में हुई हिंसा में शामिल होने के आरोपी पार्षद ताहिर हुसैन को लेकर दिल्ली पुलिस ने शनिवार को खुलासा किया। क्राइम ब्रांच ने कहा कि चांद बाग में हिंसा के दौरान 3 से 4 लोगों ने ताहिर हुसैन की पुलिस से छिपे रहने में मदद की थी। ये सभी लोग मुस्तफाबाद के रहने वाले बताए जा रहे है इसके बाद दिल्ली पुलिस ताहिर के मददगार रहे लोगों पर निगरानी रख रही है और जल्द ही इन्हें पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।
अदालत ने ताहिर को दिन की पुलिस हिरासत में भेजा
आप से निलंबित पार्षद ताहिर हुसैन पर हिंसा के दौरान आईबी कॉन्स्टेबल अंकित शर्मा की हत्या का आरोप है। शुक्रवार को दिल्ली की एक अदालत ने इस मामले में उसे 7 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा था। ताहिर 6 दिन से फरार था। इससे पहले ताहिर ने रोज एवेन्यू कोर्ट में सरेंडर की कोशिश की थी लेकिन अदालत ने यह कहते हुए इनकार कर दिया था कि यह हमारे अधिकार क्षेत्र का मामला नहीं है। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने उसे कोर्ट की पार्किंग से गिरफ्तार किया।
