MP में 9 दिन लेट मानसून की एंट्री
भोपाल. मध्य प्रदेश में 9 दिन की देरी के बाद मानसून ने दस्तक दे दी है। मानसून बालाघाट, छिंदवाडा, बैतूल, खंडवा और बुरहानपुर होते हुए प्रदेश में दाखिल हुआ। पांढुर्णा में खेत में मक्के की बुवाई करते वक्त चिचोली निवासी किसान पर बिजली गिर गई। किसान रोशन भाडे की मौके पर ही मौत हो गई। मानसून की एंट्री के साथ भोपाल और उज्जैन समेत 18 जिलों में बारिश हुई। रायसेन में शाम 5 बजे के बाद तेज बारिश शुरू हुई जबकि उज्जैन में दिनभर की उमस के बाद रिमझिम फुहारों ने मौसम सुहावना कर दिया।

ग्वालियर में तेज धूप
खरगोन के झिरन्या, पीपलझोपा और भीकनगांव क्षेत्र में बारिश दर्ज की गई। पांढुर्णा में करीब 2 इंच बारिश के बाद कपास और मक्का की बुवाई शुरू हो गई है। बैतूल और खंडावा में मानसून की आधिकारिक एंट्री हो चुकी है। हालांकि कुछ इलाकों में बादल छाए है और लोग अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे है। हालांकि प्रदेश के सभी हिस्सों में राहत नहीं है। दमोह में अब तक मानसून नहीं पहुंचा है जिससे लोग गर्मी और उमस से परेशान है। ग्वालियर में तेज धूप और उमस के चलते प्रशासन को चौराहों पर फाउंटेन स्प्रिंकलर चलाने पडे। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन से चार दिनों में मानसून पूरे मध्य प्रदेश को कवर कर लेगा।

