Newsमप्र छत्तीसगढ़

एस्टीमेट सहित नई सड़कों व फ्लाईओवर के प्रस्ताव शासन की मंजूरी के लिये भेजने के दिए निर्देश – सांसद

ग्वालियर -शहर के यातायात को बेहतर व सुगम बनाने के लिये नई वैकल्पिक कनेक्टिविटी सड़कों व फ्लाईओवर निर्माण की रूपरेखा तैयार की गई है। इनका सर्वे करा लिया गया है। सांसद भारत सिंह कुशवाह ने नई कनेक्टिविटी सड़कों व फ्लाईओवर के प्रस्ताव एस्टीमेट सहित शासन की स्वीकृति के लिए भेजने के निर्देश दिए हैं। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे।
प्रस्तावित नई सड़कों में 7 नम्बर चौराहा से लाल टिपारा होते हुए एयरपोर्ट तक सर्कुलर रोड, राजपायगा तिराहे से कस्तूरबा तिराहे तक नाले को पाटकर सड़क निर्माण, आईएसबीटी बस स्टैण्ड से भिण्ड जाने के लिए मलगढ़ा हजीरा थाना चौराहे से महू, विक्रमपुर, भदरौली होते हुए शनिश्चरा रोड तक, तक सड़क, गोले का मंदिर चौराहे पर फ्लाईओवर, बारादरी चौराहा होते हुए हुरावली रोड तक फ्लाईओवर, नाका चंद्रबदनी से मांडरे माता तक सड़क निर्माण, चिरवाई नाका से कस्तूरबा तिराहा तक सड़क, इन्दरगंज से हनुमान चौराहा तक फ्लाईओवर, पुराने एबी रोड पर बहोड़ापुर से गिरवाई नाके से आगे तक फ्लाईओवर निर्माण, सब्जी मंडी से मुरली गार्डन तिघरा रोड इत्यादि शामिल है।
बत्ती वाले चौराहों पर धूप व वर्षा से बचाव के लिए लगेंगे शेड 
सांसद की पहल पर शहर के व्यस्ततम एवं अधिक ट्रैफिक वाले लाल बत्ती चौराहों – तिराहों पर सोलर पैनल सहित शेड लगने जा रहे हैं। अपनी सांसद निधि से इन शेड के निर्माण के लिये 1.20 करोड़ रुपए की धनराशि स्वीकृत की है। इन शेड के बनने से हरी बत्ती का इंतजार करने के दौरान साइकिल व दुपहिया वाहन चालकों एवं पैदल यात्रियों का धूप व बारिश से बचाव हो सके। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में बताया गया प्रथम चरण में शहर के जिन 5 चौराहों पर यह शेड बनने जा रहे हैं उनमें गोले का मंदिर चौराहा, आकाशवाणी तिराहा, राजमाता तिराहा, कटोराताल चौराहा-अचलेश्वर मंदिर की ओर एवं पड़ाव चौराहा शामिल हैं।
31 मई को फायनल बैठक, आईएसबीटी से बसों का संचालन 
आईएसबीटी बस स्टेण्ड को जल्द से जल्द बस आवागमन के लिये शुरू करने पर विशेष जोर दिया। बैठक में तय किया गया कि इसी माह 31 मई को वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बस ऑपरेटर्स की फायनल बैठक कर आईएसबीटी से बसों का संचालन शुरू कराया जायेगा। प्रथम चरण में भिण्ड व मुरैना की ओर जाने वाली बसें आईएसबीटी से संचालित होंगीं।
बैठक की अन्य खास बातें एवं निर्देश 
शहर की जिन सड़कों पर पोल शिफ्टिंग के लिये जगह नहीं मिल रही है, उन सड़कों का नक्शे के अनुसार सीमांकन कराकर पोल शिफ्ट कराए जायेंगे।
लगातार यातायात नियमों के उल्लंघन पर 1502 लोगों के ड्रायविंग लायसेंस निरस्त।
रोंग साइड वाहन चलाने वालों के पिछले दो माह में लगभग 6700 चालान।
जीडीए सहित अन्य एजेंसियों द्वारा शहर में प्रस्तावित सड़कों का काम शुरू करने से पहले ट्रैफिक को लेकर यातायात समिति की बैठक में अनुमोदन कराने के निर्देश।
मैरिज गार्डनों की पार्किंग सक्रिय कराने पर दिया गया विशेष जोर।
हनुमान बांध से शनिदेव मंदिर मार्ग के निर्माण की बाधायें दूर करने के निर्देश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *