ट्विशा शर्मा की मौत की सीबीआई करेगी जांच, मप्र सरकार ने की सिफारिश, समर्थ आत्मसमर्पण के लिए तैयार है
भोपाल. ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में सरकार की तरफ बड़ा अपडेट आया है। इस केस की गंभीरता को देखते हुए मप्र सरकार ने अब इसकी सीबीआई जांच कराने की सिफारिश कर दी है। मप्र सरकार के इस फैसले के बाद अब देश की सबसे बड़ी जांच एजेंसी इस पूरे आत्महत्या मिस्ट्री की गुत्थी को सुलझायेगी। एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा मामले में मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में सुनवाई के दौरान एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम देखने को मिला। आरोपी समर्थ सिंह के वकील ने अग्रिम जमानत याचिका वापस लेने का फैसला लिया। इस दौरान उन्होंने कोर्ट को बताया कि उनका मुवक्किल निचली अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण करने के लिए तैयार है. इसके साथ ही कोर्ट का पूरा ध्यान अब दूसरे पोस्टमार्टम की याचिका पर केंद्रित हो गया है, क्योंकि न्यायाधीश ने समय की गंभीरता को देखते हुए कहा कि दूसरे पोस्टमार्टम की मांग पर सबसे पहले सुनवाई की जानी चाहिए।
इस दौरान ट्विशा शर्मा का परिवार और उनके वकील अब आरोपियों के खिलाफ कानूनी शिकंजा पूरी तरह से कमने की तैयारी में जुट गये है। ट्विशा शर्मा के परिवार के वकील आयुष तिवारी ने कोर्ट में पैरवी के बीच एक बेहद चौंकाने वाला और बड़ा दावा किया है। वकील ने ट्विशा शर्मा और उनकी सास गिरिबाला सिंह के बीच हुई व्हाट्सएप चैट का हवाला दिया है। वकील ने बताया है कि इन दोनों के बीच की व्हाट्सएप चैट से साफतौर पर यह जाहिर होता है कि ट्विशा को ससुराल में लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताडित किया जा रहा था। उसे बहुत ज्यादा परेशान किया जा रहा था।
ट्विशा की सास को मिली अग्रिम जमानत खारिज करने की मांग
वकील आयुष तिवारी ने पुलिस में एफआईआर दर्ज होने के महज कुछ ही घंटों के भीतर गिरीबाला सिंह को आनन-फानन में मिली अग्रिम जमानत पर गंभीर सवाल खड़े किए है। वकील का सीधा आरोप है कि इतनी जल्दी और आनन-फानन में अग्रिम जमानत मिलना इस बात का सबूत है कि गिरीबाला सिंह ने अपने रसूख और पद का पूरी तरह से गलत इस्तेमाल किया है। इस पूरे मामले को लेकर ट्विशा के परिवार ने मध्य प्रदेश हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. परिवार की तरफ से दायर की गई इस विशेष याचिका पर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में शनिवार को सुनवाई हो सकती है।
ट्विशा का परिवार इस मौत के पीछे के असली सच को सामने लाने के लिए अब अदालत में ट्विशा शर्मा के शव का दोबारा से पोस्टमार्टम कराने की मांग उठाने की पूरी तैयारी कर रहा है। ट्विशा के परिवार के वकील ने मामले के आरोपी पति समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत का कोर्ट में विरोध करने की बात कही है। वहीं, ट्विशा की सास गिरीबाला सिंह को मिली अग्रिम जमानत को भी तुरंत खारिज करने की मांग उठाई जा रही है।

