केंद्रीय गृहमंत्री ने नक्सल उन्मूलन अभियान में उत्कृष्ट योगदान हेतु हॉक फोर्स के जवानों को किया सम्मानित
भोपाल – मध्यप्रदेश को नक्सल मुक्त बनाने में उल्लेखनीय योगदान के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ स्थित बस्तर के बादल अकादमी में आयोजित “उजर बस्तर” कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा, हॉक फोर्स के अधिकारियों/कर्मचारियों को सम्मानित किया।
मध्यप्रदेश पुलिस को यह सम्मान बालाघाट एवं छत्तीसगढ़ सीमा से लगे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सफल एंटी नक्सल ऑपरेशन्स, प्रभावी अंतरराज्यीय समन्वय, मजबूत खुफिया नेटवर्क, दुर्गम क्षेत्रों में सतत अभियान संचालन तथा सुरक्षा एवं विकास आधारित पुलिसिंग मॉडल को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रदान किया गया।
मध्यप्रदेश पुलिस की हॉक फोर्स एवं एंटी नक्सल ऑपरेशन इकाइयों ने विगत वर्षों में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार रणनीतिक एवं साहसिक अभियान संचालित किए हैं। इन अभियानों के दौरान नक्सली गतिविधियों एवं उनके नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार किया गया, सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त ऑपरेशन संचालित किए गए। जिससे मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ एवं महाराष्ट्र पुलिस के बीच समन्वित कार्रवाई को नई मजबूती मिली।

