Newsमप्र छत्तीसगढ़

ग्वालियर में कांग्रेस का महाचक्का जाम, किसानों के साथ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ताओं ने हाईवे घेरा

ग्वालियर. गुरुवार को कांग्रेस किसानों के समर्थन में बड़ा आंदोलन कर रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ता और किसानों ने नेशनल हाईवे के रायरू और निरावली चौराहों पर चक्काजाम किया। जिससे आगरा-ग्वालियर मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ है।


प्रदर्शनकारियों ने हाईवे पर बैठकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और किसानों की फसल एमएसपी पर खरीदने, उपार्जन केंद्रों की अव्यवस्था दूर करने तथा किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। चक्का जाम के चलते एम्बुलेंस और अन्य जरूरी सेवाएं भी प्रभावित हुईं। हालांकि पुलिस ने तत्काल एम्बुलेंस को जाम से बाहर निकलवाया। स्थिति बिगड़ने पर प्रशासन ने कई बार अनाउंसमेंट कर प्रदर्शन खत्म करने की चेतावनी दी, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं हटे। इसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर डीआरपी लाइन स्थित अस्थायी जेल भेज दिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसानों के हक की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी और सरकार पर दबाव बनाने के लिए आंदोलन तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में ग्वालियर, भिंड, मुरैना और दतिया सहित आसपास के जिलों के कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और किसान शामिल हुए।


आंदोलन में कांग्रेस प्रदेश सह-प्रभारी सांसद संजना जाटव, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, कमलेश्वर पटेल सहित कई विधायक और पूर्व विधायक मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार को किसान विरोधी बताते हुए आरोप लगाया कि किसानों को समय पर भुगतान, बारदाना और समर्थन मूल्य का लाभ नहीं मिल पा रहा है।


उपार्जन केंद्रों पर तुलाई में गड़बड़ी
कांग्रेस का आरोप है कि उपार्जन केंद्रों पर तुलाई में गड़बड़ी, भुगतान में देरी और बुनियादी सुविधाओं की कमी से किसान परेशान हैं। इन्हीं मुद्दों को लेकर सड़कों पर उतरने का फैसला लिया गया है।
यह प्रदर्शन पूरे प्रदेश में चल रहे आंदोलन का हिस्सा
जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने बताया कि यह प्रदर्शन पूरे प्रदेश में चल रहे आंदोलन का हिस्सा है। ग्वालियर, भिंड और मुरैना के कार्यकर्ता भी इसमें शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *