होटल रिसेप्शनिस्ट का अपहरण कर शहर में घुमाया, मारपीट कर छोड़ा
ग्वालियर. ठाठीपुर थाना इलाके में होटल के बाहर खड़े एक रिसेप्शनिस्ट का कारसवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया। आरोपियों ने उसे कार में बैठाकर शहर में घुमाते रहे साथ में मारपीट भी की है। गोविंदपुरी रोड पर छोड़कर फरार हो गये। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। घटना 12-13 मार्च की दरमियानी रात 1.30 बजे गायत्री बिहार स्थित बागवान होटल के बाहर की है। सेमरा गांव निवासी श्यामू राणा होटल में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करते है। वह अपने दोस्तों के साथ होटल के गेट पर खड़ा था। तभी काले रंग की स्कॉर्पियों में सवार आकाश राणा, कुणाल राणा और हिमांशु राणा और एक अन्य युवक भी वहां पहुंचे और उसे जबरन कार में डालकर ले गये।




शहर में घुमाते हुए की मारपीट
आरोपी श्यामू राणा को कार में बंधक बनाकर शहर की सड़कों पर कई किलोमीटर तक घुमाते रहे। इस दौरान वे उससे मारपीट करते रहे और उसके साढ़ू उप्पे राणा के बारे में पूछताछ करते रहे। रिसेप्शनिस्ट श्यामू राणा का अपहरण किया गया था।
साडू से विवाद की वजह से
पीडि़त ने बताया कि आरोपियों का उसके साडू उप्पे राणा से विवाद चल रहा था। जब उसने बताया कि उसकी स्वयं अपने साडू से बातचीत नहीं होती है तो आरोपियों ने मारपीट के बाद उसे गोविंदपुरी चोराहे के पास छोड़ दिया। होटल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में अपहरण की पूरी घटना कैद हो गयी। फुटेज सामने आने के बाद पीडि़त ने थाठीपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
थाटीपुर थाना पुलिस के अनुसार शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ शनिवार रात अपहरण और मारपीट का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

