मुंबई में बारिश की वजह से चेंबूर व विक्रोली में लैंडस्लाइड से 22 मौतें, भांडुप-अंधेरी में 1-1 की जान गई
मुंबई. लगातार हो रही बारिश की वजह से शनिवार देर रात हुई लैंडस्लाइड की 4 घटनाओं में 22 लोगों की मौत हो गई और 17 लोगों ने चेंबूर इलाके में व 5 ने विक्रोली में जान गंवाई। चेंबूर हादसे में 16 लोगों को रेस्क्यू किया गया। यहां 5 मकान ढह गए, एनडीआरएफ की टीम ने मलबा हटाया। ग्रेटर मुंबई नगर निगम ने बताया कि चेंबूर हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है। 2 घायलों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है वहीं डीसीपी (जोन 7) प्रशांत कदम ने बताया कि विक्रोली में गिरी इमारत के मलबे से 5 शव बरामद किए गए है, वहीं 5 से 6 लोगों के फंसे होने की आशंका है।
चेंबूर के इस इलाके में संकरी गलियां, इससे रेस्क्यू में मुश्किल
चेंबूर में जिस जगह हादसा हुआ वहां संकरी गलियां है, यह कुछ ऊंचाई पर भी है इसकी वजह से एनडीआरएफ की टीम को वहां पहुंचने में मुश्किल आई। एंबुलेंस को तो बस्ती से कुछ बाहर ही खड़ा किया गया। यहां अभी राहत और बचाव का काम चल रहा है। इसमें स्थानीय लोगों की भी मदद ली जा रही है, एक चश्मदीद ने बताया कि हादसा शनिवार रात 12.30 बजे हुआ। मलबे में बच्चे भी दबे थे, हमने कई लोगों को मलबे से निकाला और घायलों को रिक्शे से अस्पताल पहुंचाया।
मृतकों के परिजनों को पीएम ने 2 लाख व सीएम उद्धव ने 5 लाख देने की घोषणा की
हादसे में जान गवाने वालों के परिजनों को पीएमओ ने पीएमएनआरएफ से 2-2 लाख रुपये देने की घोषणा की है। घायलों को 50000 रुपये दिए जाएंगे, वहीं महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये देने की घोषणा की है साथ ही घायलों का मुफ्त में इलाज करने का निर्देश दिया है। राज्य के पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे घटनास्थल पर पहुंचे।
यहां रहने वालों को शिफ्ट किया जाएगा-नवाब मलिक
महाराष्ट्र सरकार में कैबिनेट मंत्री नवाब मलिक ने कहा कि हम खतरनाक स्थिति में रह रहे लोगों को तत्काल स्थाई बस्तियों में शिफ्ट करने का फैसला करेंगे वहीं बीएमसी घटना की जांच करेगी।

