राज्य

LatestNewsमप्र छत्तीसगढ़राज्य

सर्वर डाउन से ग्वालियर के हजार बिस्तर अस्पताल की OPD प्रभावित, छुट्टियों के बाद उमड़ी मरीजों की भीड़

ग्वालियर. रक्षाबंधन पर्व के बाद लगातार अवकाश के कारण जयारोग्य अस्पताल समूह (जेएएच) के हजार बिस्तर अस्पताल में सोमवार को मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। दो दिन तक सीमित समय की ओपीडी (सुबह 9 से 11 बजे) चली। अवकाश के बाद सोमवार को पूरे समय ओपीडी संचालित हुई तो 23 विभागों में कुल 3927 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। इसी दौरान अस्पताल का सर्वर डाउन होने से ऑनलाइन पर्चे बनने की प्रक्रिया धीमी पड़ गई। पर्चे बनवाने के लिए मरीजों और उनके स्वजन को काफी देर इंतजार करना पड़ा। भीड़ बढ़ने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। स्थिति बिगड़ती देख अस्पताल प्रबंधन ने मैन्युअल पर्चे बनवाना शुरू किए, जिसके बाद व्यवस्था कुछ हद तक पटरी पर आई।
ओपीडी में 2953 नए मरीज पहुंचे
सोमवार को ओपीडी में 2953 नए मरीज पहुंचे, जबकि 974 पुराने मरीज उपचार के लिए आए। इनमें 2338 मरीजों ने शुल्क देकर पर्चा बनवाया, जबकि 615 मरीजों ने निश्शुल्क पर्ची के माध्यम से उपचार लिया। सर्वर की समस्या के कारण आनलाइन पंजीयन प्रभावित होने से पर्ची काउंटरों पर मरीजों की कतार बढ़ गई। ओपीडी के आंकड़ों में मेडिसिन विभाग सबसे आगे रहा। यहां 827 मरीज पहुंचे। इसके बाद डर्मेटोलाजी में 410, एनएल,एनएस में 344, आर्थो में 276, पीडियाट्रिक में 247 और आब्सटेट्रिक्स एवं गायनी विभाग में 234 मरीज पहुंचे। ईएनटी में 189, साइकेट्री में 173, सर्जरी में 171, पीएसएम में 153, फिजियोथेरेपी में 138, कैंसर विभाग में 126, आप्थेल्मोलाजी में 116 और चेस्ट टीबी विभाग में 115 मरीज पहुंचे। कार्डियोलाजी में 100, न्यूरोलाजी से जुड़े अन्य मामलों सहित विभिन्न विभागों में भी मरीजों की संख्या रही।
सर्वर की समस्या ने बढ़ाई परेशानी
अवकाश के बाद मरीजों की संख्या पहले से अधिक होने की संभावना थी, लेकिन इसी दौरान आनलाइन पंजीयन व्यवस्था में तकनीकी समस्या आने से परेशानी बढ़ गई। ऑनलाइन पर्चे बनने की गति कम होने के कारण मरीजों की कतारें लग गईं। अस्पताल प्रबंधन ने स्थिति संभालने के लिए मैन्युअल पर्ची बनवाने की व्यवस्था शुरू की। इससे मरीजों को राहत मिली और ओपीडी व्यवस्था को आगे बढ़ाया जा सका। लेकिन बुजुर्ग मरीज थककर जमीन पर बैठे नजर आए।

LatestNewsमप्र छत्तीसगढ़राज्य

MP के 10 IPS अधिकारियों के तबादले संभव, ग्वालियर-सागर को मिलेंगे नए IG, ए साईं मनोहर बन सकते हैं सीएम के सलाहकार

भोपाल. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय में राज्य मंत्रिमंडल (कैबिनेट) की अहम बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में भोपाल पश्चिमी बाइपास की पुनरीक्षित लागत के प्रस्ताव पर मुहर लगने की पूरी संभावना है। यह महत्वाकांक्षी बाइपास निर्माण पूरा होने के बाद भोपाल शहर के भीतर यातायात के बढ़ते दबाव को कम करने में बेहद मददगार साबित होगा। इसके साथ ही बैठक के दौरान सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी ए साईं मनोहर को मुख्यमंत्री का सलाहकार नियुक्त किए जाने संबंधी प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है। कैबिनेट में मालथोन-बीना मार्ग के विकास सहित अन्य महत्वपूर्ण विकास प्रस्तावों पर भी विस्तार से चर्चा होगी।
10 आईपीएस अधिकारियों के तबादले की संभावना
प्रदेश के प्रशासनिक और पुलिस अमले में भी बड़े फेरबदल की तैयारी है। चार से पांच जिलों के पुलिस अधीक्षक तथा भोपाल व इंदौर के कुछ पुलिस उपायुक्तों सहित लगभग 10 आईपीएस अधिकारियों के स्थानांतरण किए जा सकते हैं। इसके अलावा ग्वालियर और सागर संभाग को नए रेंज आईजी (महानिरीक्षक) मिलेंगे। दरअसल, ग्वालियर के आईजी अरविंद सक्सेना 31 जुलाई को सेवानिवृत्त हो चुके हैं और वर्तमान में डीआईजी असित यादव आईजी का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे हैं। वहीं, सागर रेंज के आईजी मिथिलेश शुक्ला 31 अगस्त को सेवानिवृत्त हुए हैं। इन दोनों ही महत्वपूर्ण रेंज में नई पदस्थापना की जाएगी।
दो एडीजी अधिकारियों की होगी पदोन्नति
पुलिस विभाग में पदोन्नति की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है। एडीजी राजाबाबू सिंह और डीपी गुप्ता को पदोन्नत कर विशेष पुलिस महानिदेशक (स्पेशल डीजी) बनाया जाएगा। बता दें कि 31 अगस्त को विशेष पुलिस महानिदेशक अजय शर्मा और आशुतोष राय के सेवानिवृत्त होने के बाद विभाग में दो पद रिक्त हुए हैं, जिन पर इन वरिष्ठ एडीजी अधिकारियों को पदोन्नत किया जाना तय माना जा रहा है।

 

 

LatestNewsमप्र छत्तीसगढ़राज्य

जलभराव और कचरे के ढेर देख भड़के निगमायुक्त, ग्वालियर में अफसरों को लगाई फटकार

ग्वालियर. नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने सोमवार को ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें शहर की सफाई व्यवस्था और जलभराव की स्थिति में गंभीर खामियां मिलीं। कई स्थानों पर सड़कों पर पानी भरा हुआ था और कचरे के ढेर लगे थे। अव्यवस्थाएं देखकर निगमायुक्त ने अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त की और उन्हें फटकार लगाते हुए कहा कि उन्हें अधिकारियों का काम भी करना पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि सफाई व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निगमायुक्त ने डीबी मॉल से आकाशवाणी क्षेत्र तक का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क पर जलभराव देखकर उन्होंने सहायक यंत्री अमित गुप्ता को जल निकासी के लिए नाला निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। डीबी मॉल के सामने और ग्वालियर पूर्व डिपो के बाहर भी जलभराव और गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कार्यपालन यंत्री महेंद्र प्रसाद अग्रवाल को नियमित सफाई सुनिश्चित करने और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कचरे के ढेर तत्काल हटाने के निर्देश दिए। इसके बाद निगमायुक्त आकाशवाणी से मयूर मार्केट-थाटीपुर रोड पहुंचे। उन्होंने यहां सड़क और जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्यों का अनुमान (स्टीमेट) तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने तरुण विहार नाले की सफाई कराने के साथ-साथ नाला निर्माण के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त मुरार श्मशान रोड भी पहुंचे। यहां कई स्थानों पर गंदगी देखकर उन्होंने क्षेत्र के डब्ल्यूएचओ और स्वास्थ्य अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए और जोर देकर कहा कि केवल एक बार की सफाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया जाए कि दोबारा कचरा जमा न हो। निगमायुक्त के निर्देशों के बाद स्वास्थ्य अधिकारी भीष्म पमनानी ने तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने कर्मचारियों और मशीनों को मौके पर भेजकर सफाई कार्य शुरू कराया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त मुकेश बंसल, अधीक्षण यंत्री सुरेश अहिरवार, कार्यपालन यंत्री महेंद्र प्रसाद अग्रवाल व पवन शर्मा, सहायक यंत्री अमित गुप्ता, नोडल अधिकारी केशव चौहान और डिपो प्रभारी रामू सिंह सहित अन्य अधिकारी निगमायुक्त के साथ मौजूद थे।

LatestNewsमप्र छत्तीसगढ़राज्य

पंजाब में SAD-BJP का सीट बंटवारा तय, भाजपा को अकाली दल से 3 ज्यादा सीटें

नई दिल्ली. पंजाब चुनाव से पहले बीजेपी और अकाली दल का गठजोड़ फाइनल हो गया है। इसमें सीट शेयरिंग के फॉर्मूले से लेकर सीएम चेहरा तक शामिल है। यह भी तय है कि 2027 के चुनाव में भाजपा बड़े भाई की भूमिका में होगी। वह अकाली दल से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। बीजेपी सूत्रों के मुताबिक सीट शेयरिंग के फॉर्मूले का बेस 2024 लोकसभा चुनाव का रिजल्ट रखा गया है। लोकसभा चुनाव में भाजपा 23 सीटों पर पहले, 7 सीटों पर दूसरे और 28 सीटों पर तीसरे स्थान पर रही है। इसके अलावा भाजपा ने दो और सीटें मांगी हैं। सीएम चेहरे को लेकर भी बात फाइनल हो चुकी है। गठजोड़ रिजल्ट से पहले किसी को सीएम चेहरा नहीं बनाएगा। गठजोड़ पर सीधे पीएम नरेंद्र मोदी नजर रख रहे हैं। सितंबर में ही इसका ऐलान हो सकता है।

7 अगस्त को सुखबीर बादल ने दिल्ली में पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी, जिसके बाद गठजोड़ की चर्चा शुरू हुई थी।- फाइल फोटो
गठजोड़ से पहले बीजेपी ने 2024 में लोकसभा चुनाव का डेटा खंगाला। इसमें पता चला कि अगर दोनों का गठबंधन रहता तो दोनों के उम्मीदवार मुकाबले में ही नहीं, बल्कि विनिंग पोजिशन में हो सकते थे। 2024 में वोट प्रतिशत के हिसाब से अकाली दल और भाजपा के वोट मिलाकर 31.98 प्रतिशत हो जाते। जो कांग्रेस और आम आदमी पार्टी से करीब 5-6 प्रतिशत ज्यादा रहते। भाजपा के इस तर्क के बाद ही 60:57 सीटों के फॉर्मूले पर अकाली दल से सहमति बनती हुई दिख रही है। चूंकि अकाली दल लगातार 2 विधानसभा चुनाव हार चुका है। वह बहुमत तो दूर विपक्षी दल तक नहीं बना, ऐसे में अकाली दल अभी भाजपा की शर्तें मानता हुआ नजर आ रहा है।


हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने 4 अगस्त को चंडीगढ़ में सुखबीर बादल से मुलाकात की। वहां पहले कुल 117 में से आधी-आधी सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कही। बाद में बीजेपी ने अकाली दल को प्रेशर में लाने के लिए 70+ सीटें मांगनी शुरू कर दी। अकाली दल 50 प्रतिशत के आसपास ही अड़ा रहा। इसके बाद बीजेपी के पंजाब चुनाव इंचार्ज व केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल की सुखबीर बादल से मुलाकात हुई। यहां पाटिल ने सुखबीर को कहा कि 58 सीटों पर तो भाजपा मजबूती से चुनाव लड़ी। इन सभी सीटों पर भाजपा की स्थिति अकाली दल से बेहद मजबूत रही। इसके अलावा कुछ सीटें ऐसी हैं जहां पर भाजपा के पास बड़े चेहरे हैं।

LatestNewsमप्र छत्तीसगढ़राज्य

ग्वालियर में बदलेगा मौसम, हल्की से मध्यम बारिश की संभावना; तापमान में आएगी गिरावट

ग्वालियर. भादौ महीने के शुरू हुए दो दिन बीत चुके हैं लेकिन जिले में बारिश नहीं हुई और शुरुआती दो दिन सूखे बीत गए। आसमान में बादलों की आवाजाही से जरूर तापमान में गिरावट देखने को मिली है। अब तापमान 3.2 डिग्री गिरकर 31.3 डिग्री सेल्सियस पर आ चुका है। हालांकि, इस दौरान लोगों को गर्मी से और उमस से राहत जरूर मिली है। लेकिन इस साल बाकी जिलों और राज्यों की तुलना में ग्वालियर में बारिश कम हुई है। इस साल 602 मिमी वर्षा अब तक दर्ज हुई है, जबकि बीते साल 2025 में 900 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी।
तेज हवाओं से गिरेगा पारा
मौसम विज्ञान केन्द्र का कहना है कि आगामी दो दिनों में शहर में बारिश देखने को मिलेगी लेकिन यह हल्की से मध्यम हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, 31 अगस्त से लेकर एक सितंबर तक आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और इस दौरान बारिश देखने को मिलेगी। इसके अलावा तेज हवाओं से तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।

LatestNewsमप्र छत्तीसगढ़राज्य

अवैध हथियारों पर ग्वालियर पुलिस का शिकंजा, ऑपरेशन ईगल में 14 बदमाश पकड़े

ग्वालियर. मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में आपराधिक गतिविधियों और अवैध हथियारों पर प्रभावी ढंग से रोक लगाने के मकसद से एसएसपी धर्मवीर सिंह की देखरेख में ऑपरेशन ईगल चलाया गया। एएसपी सुजावल जग्गा, एएसपी शिवेश सिंह बघेल और एएसपी (ग्रामीण) जयराज कुबेर की अगुवाई में सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए कि वे अवैध हथियार रखने वालों और सोशल मीडिया पर हथियार दिखाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। इसी कड़ी में पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने जिलेभर में एक साथ छापेमारी की और 14 बदमाशों को गिरफ्तार किया। बदमाशों के पास से बरामद पिस्टल, कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
तीन नाबालिग गिरफ्तार
मीडिया से बातचीत के दौरान एसएसपी ने जानकारी देते हुए बताया कि इसमें तीन तो नाबालिग हैं। इन्होंने बदमाशों से प्रेरित होकर कट्टे के साथ फोटो अपलोड की। अब लगातार इस तरह का अभियान चलेगा, जिससे बदमाशों पर लगाम कसी जा सके। इंटरनेट मीडिया पर शस्त्र प्रदर्शन पर रोक लग सके।

LatestNewsमप्र छत्तीसगढ़राज्य

ग्वालियर में नाबालिग का शव मिलने से सनसनी, गले पर मिले निशान; प्रेमी पर आरोप

नई दिल्ली. ग्वालियर के कंपू थाना क्षेत्र में कैंसर पहाड़िया मार्ग पर सोमवार सुबह झाड़ियों में 17 साल की लड़की का शव मिला। मृतका के गले पर कसने के निशान मिले हैं। परिजन ने महलगांव निवासी ईशान खान पर हत्या करने का शक जताया है। नया बाजार की एक साड़ी की दुकान पर काम करती थी। रविवार रात करीब 9:05 बजे उसने मां से फोन पर बात की थी। उसने जल्द घर पहुंचने की बात कही थी। करीब 10 मिनट बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन ने तलाश शुरू की और कंपू थाने में गुमशुदगी/अपहरण की शिकायत दर्ज कराई।


सुबह कैंसर पहाड़िया पर झाड़ियों में शव की सूचना मिली
पुलिस और परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे। सोमवार सुबह करीब 7 बजे कैंसर पहाड़िया रोड पर झाड़ियों में किशोरी का शव पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजन से शव की पहचान कराई। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

झाड़ियों में पड़ा किशोरी का शव। गले पर कसने के निशान मिले हैं।
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही
परिजन के मुताबिक किशोरी और महलगांव निवासी ईशान खान के बीच प्रेम प्रसंग था। उन्होंने ईशान पर हत्या की आशंका जताई है और पुलिस से जांच की मांग की है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मामा ने बताया कि घटना से पहले ही नाबालिग ने अपनी मां को बता दिया था कि अगर उसके साथ कोई घटना होती है तो इसके लिए ईशान खान जिम्मेदार होगा। उन्होंने बताया कि साड़ी की दुकान पर काम करने वाली अन्य स्टाफ की लड़कियों ने बताया था कि कल दोपहर ईशान का फोन आया था और वह बेटी को धमका रहा था।

शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाते हुए पुलिसकर्मी।
ईशान खान तीन-चार महीने से लड़की को परेशान कर रहा था।
मामा ने बताया कि ईशान खान विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के महल गांव का रहने वाला है। वह तीन-चार महीने से लड़की को परेशान कर रहा था। हमने उसे समझाने की कोशिश की थी। हमें लगा था कि बातचीत से वह समझ जाएगा, इसलिए थाने में रिपोर्ट नहीं की थी। अगर रिपोर्ट कर दी होती तो आज यह दिन नहीं देखना पड़ता।
पुलिस कॉल डिटेल समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही
कंपू थाना प्रभारी और डीएसपी अमर सिंह सिकरवार ने बताया कि किशोरी के लापता होने की शिकायत पर रात में ही तलाश शुरू कर दी गई थी। सुबह कैंसर पहाड़िया के पास उसका शव मिला। गले पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस कॉल डिटेल समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

LatestNewsमप्र छत्तीसगढ़राज्य

दिल्ली में बस में 16 साल की छात्रा से गैंगरेप, ड्राइवर-कंडक्टर अरेस्ट

नई दिल्ली. दिल्ली में 16 साल की छात्रा से चलती स्लीपर बस में गैंगरेप का मामला सामने आया है। घटना 4 अगस्त की है, पुलिस ने 31 अगस्त को इसकी जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक पीड़ित ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर बस में बैठी। आरोपियों ने उसे कश्मीरी गेट पर छोड़ा। इस दौरान बस करीब 47 किमी दौड़ती रही। बस के शीशों पर पर्दे लगे थे। पुलिस ने बस ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी कब हुई, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। पीड़ित उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली है और 11वीं की छात्रा है।


छात्रा घर से झगड़ा करके निकली थी
दिल्ली पुलिस के मुताबिक पीड़ित का मैनपुरी में अपने घर पर झगड़ा हुआ था। इसके बाद वह रात में परिवार को बिना बताए घर से निकल गई। वह नोएडा में रहने वाले अपने कजिन से मिलने जा रही थी। भारी बारिश और अंधेरा होने के कारण वह गलती से परी चौक पर उतर गई। इसी दौरान वहां से एक खाली स्लीपर बस गुजरी। छात्रा बारिश में फंसी थी, उसने बस को रुकने का इशारा किया। ड्राइवर और कंडक्टर ने उसे बैठा लिया और बताया कि बस नोएडा सेक्टर-63 जा रही है। पुलिस के मुताबिक बस चलने के कुछ समय बाद कंडक्टर ने छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने की कोशिश शुरू की।
विरोध करने पर जान से मारने की धमकी
पीड़ित के मुताबिक ड्राइवर और कंडक्टर ने उसके साथ रेप किया। विरोध किया तो दोनों ने छात्रा को जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि दोनों ने देर रात छात्रा को कश्मीरी गेट बस टर्मिनल के पास रिंग रोड पर उतार दिया और वहां से फरार हो गए। रात में ही छात्रा ने कश्मीरी गेट पुलिस से संपर्क कर पूरी घटना बताई।
आरोपियों को बस पार्किंग से अरेस्ट किया गया
पुलिस ने दोनों आरोपियों को तिमारपुर की एक बस पार्किंग से गिरफ्तार किया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल स्लीपर बस भी जब्त कर ली है। बस की फोरेंसिक जांच की जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक घटना वाले दिन बस में खराबी आने के बाद आरोपी उसे मरम्मत के लिए सूरजपुर (नोएडा) की एक वर्कशॉप में ले गए थे। मरम्मत पूरी होने के बाद ड्राइवर और कंडक्टर खाली बस को तिमारपुर ले जा रहे थे, तभी परी चौक पर छात्रा ने रुकने का इशारा किया। पुलिस ने बताया कि दोनों ने बस के पर्दे वाले अंदरूनी हिस्से का इस्तेमाल देर रात सफर के दौरान अपराध छिपाने के लिए किया। इससे बाहर से गुजर रहे लोग अंदर नहीं देख सके।

 

LatestNewsमप्र छत्तीसगढ़राज्य

पश्चिम बंगाल की सीमा पर सोने की बड़ी खेप पकड़ी, 25 करोड़ रुपए के गोल्ड के साथ महिला हिरासत में

कोलकाता. भारत से बांग्लादेश में बड़ी मात्रा में सोने की तस्करी की कोशिश को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने नाकाम कर दिया। नदिया जिले के बनपुर सीमा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए बीएसएफ की 32वीं बटालियन के जवानों ने करीब 15 किलो 607 ग्राम सोना बरामद किया। जब्त सोने की बाजार कीमत करीब 25 करोड़ रुपए बताई गई है। मामले में एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बीएसएफ को पहले से सूचना मिली थी कि बनपुर सीमा क्षेत्र के रास्ते बड़ी मात्रा में सोने की तस्करी की जा सकती है।
इलाके में बढ़ाई निगरानी
सूचना के आधार पर जवानों ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी। रात के समय सीमा क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जा रही थी। जवान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए इलाके में लगातार निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान जवानों की नजर एक स्थानीय महिला की संदिग्ध गतिविधियों पर पड़ी। महिला के लगातार संदिग्ध तरीके से घूमने पर जवानों को शक हुआ। इसके बाद उसे घेरकर हिरासत में लिया गया और पूछताछ शुरू की गई। तलाशी के दौरान महिला के पास से बड़ी मात्रा में सोना बरामद हुआ।
बरामद सोना जब्त किया
बीएसएफ के अनुसार पूछताछ में महिला ने कथित तौर पर सोने की तस्करी की योजना के बारे में जानकारी दी। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि बरामद सोना सीमा पार बांग्लादेश भेजने के उद्देश्य से सीमा क्षेत्र में लाया गया था। कार्रवाई के बाद बीएसएफ ने बरामद सोना जब्त कर लिया और महिला को हिरासत में ले लिया। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में सोना महिला तक कैसे पहुंचा और इसके पीछे कौन सा तस्करी गिरोह सक्रिय है।
सरगना तक पहुंचने की कोशिश
जांच का दायरा बढ़ाते हुए बीएसएफ यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सोना कहां से लाया गया था, सीमा पार करने के बाद इसे कहां पहुंचाने की योजना थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। हिरासत में ली गई महिला से पूछताछ के जरिए गिरोह के कथित सरगना तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। घटना के बाद बनपुर समेत भारत-बांग्लादेश सीमा के संवेदनशील इलाकों में बीएसएफ ने निगरानी और गश्त और कड़ी कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सीमा क्षेत्र में तस्करी की गतिविधियों को रोकने के लिए सतर्कता लगातार बढ़ाई जा रही है।

 

LatestNewsमप्र छत्तीसगढ़राज्य

ग्वालियर में बाइक से आए बदमाश ने महिला के गले से मंगलसूत्र झपटकर भागे, सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश

ग्वालियर. ग्वालियर में एक बार फिर चेन स्नेचिंग गैंग ने एक महिला को अपना निशाना बनाया। घटना शहर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र के डीडी नगर की है। यहां नाती को पार्क से घुमाकर वापस लौट रही महिला से बाइक सवार बदमाश मंगलसूत्र झपटकर फरार हो गए। महिला ने शोर मचाया तो लोगों की भीड़ जमा हो गई लेकिन तब तक बाइक सवार बदमाश संकरी गलियों से होते हुए भाग चुके थे। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में बदमाशों की तस्वीरें कैद हुई हैं जिनके आधार पर पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।
नाती को पार्क से लेकर लौट रही थी महिला
जानकारी के मुताबिक डीडी नगर स्थित कोठारी हाउस के पास रहने वाली बैजंती बाई (60) अपने नाती को अटल पार्क में घुमाने के बाद वापस घर लौट रहीं थी। इसी दौरान पार्क के पीछे वाली गली में बाइक से आए दो बदमाशों ने उसके गले से मंगलसूत्र झपट लिया और फरार हो गए। वारदात होने पर महिला ने शोर मचाया और मदद के लिए लोग को पुकारा, लोग पहुंचे लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश शुरू की।
सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश
बदमाशों का सुराग लगाने के लिए इलाके के सीसीटीवी खंगाले तो कुछ कैमरों में बदमाश बाइक से जाते हुए कैद हुए हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस बदमाशों को पकड़ने की कोशिश कर रही है। पीड़िता के मुताबिक मंगलसूत्र बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने झपटा था। उसने मुंह पर सफेद रंग का गमछा लपेटा हुआ था और बाइक चला रहे युवक ने हेलमेट लगाया हुआ था। पीड़िता ने बताया कि जो मंगलसूत्र बदमाश छीनकर ले गए हैं उसमें सोने के करीब 10 छोटे मोती और एक सोने का पेंडल लगा हुआ था, मंगलसूत्र का वजन करीब एक तोले से अधिक बताया गया है।
बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस
महाराजपुर पुलिस के मुताबिक बाइक सवार बदमाशों ने महिला से मंगलसूत्र झपटा है, कुछ सीसीटीवी कैमरों में आरोपी कैद हुए हैं। महिला की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।