ग्वालियर में अग्निवीर भर्ती परीक्षा शुरू, सघन चेकिंग के बाद मिला प्रवेश
ग्वालियर. भारतीय सेना में अग्निवीर बनने का सपना लेकर आए युवाओं के लिए आज सोमवार से लिखित परीक्षा की शुरूआत हो गई है। परीक्षा का पहला दिन बेहद गहमागहमी भरा रहा। सुबह 7 बजे से ही अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों पर जुटना शुरू हो गए थे। कडी सुरक्षा और मुस्तैदी के बीच पहली शिफ्ट की परीक्षा संपन्न हो चुकी है और दूसरी शिफ्ट का एग्जाम शुरू हो गया है।
टीसीएस के अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और नकल विहीन बनाने के लिए तकनीकी पार्टनर टीसीएस के अधिकारियों ने मोर्चा संभाल रखा है। परीक्षा केंद्र के मुख्य गेट पर अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग की गई। सेना और टीसीएस के नियमों के अनुसार उम्मीदवारों को दो बार बायोमैट्रिक वेरिफिकेशन की प्रक्रिया से गुजरना पडा जिसके बाद ही उन्हें कंप्यूटर लैब में प्रवेश की अनुमति दी गई।
12 जून तक चलेगी लिखित परीक्षा
पहले दिन ग्वालियर के दो परीक्षा केंद्रों पर चार अलग-अलग शिफ्टों में कुल 6134 अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमा रहे है। यह लिखित परीक्षा आगामी 12 जून तक लगातार चलेगी।
शहर में रात से ही उमडा हुजूम
ग्वालियर और चंबल अंचल सहित प्रदेश के 10 जिलों के करीब 45 हजार से अधिक अभ्यर्थी इस पूरी परीक्षा में शामिल हो रहे है। इसके चलते रविवार रात से ही आसपास के जिलों से परीक्षार्थियों का ग्वालियर आना शुरू हो गया था। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर अभ्यर्थियों की भारी भीड को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है ताकि कानून बनी रहे।

