LatestNewsमप्र छत्तीसगढ़राज्य

गुना में सिंधिया समर्थक मंत्रियों को नाकारा कहना भाजपा विधायक को पड़ सकता है महंगा, संगठन तक पहुंची बात

गुना. भाजपा विधायक पन्ना लाल शाक्य की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। सिंधिया समर्थक सरकार के दो मंत्रियों को ‘नकारा’ कहने का मामला पार्टी संगठन तक पहुंच चुका है और संभावना है कि जल्द ही प्रदेश संगठन की ओर से बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई विधायक पन्ना लाल शाक्य पर कर सकता है। बता दें कि बिजली कटौती के मुद्दे पर पन्ना लाल शाक्य ने अपनी ही सरकार के दो मंत्रियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था और उन्हें नाकारा तक कह दिया था। पन्ना शाक्य की इस बयानबाजी के बाद कांग्रेस ने भी एक्स पर वीडियो पोस्ट कर चुटकी ली थी।
संगठन तक पहुंची रिपोर्ट
भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार ने रविवार को मीडिया से बात करते हुए कहा- चाहे मंत्री हो, विधायक हो या कार्यकर्ता पदाधिकारी, सार्वजनिक जगह पर किसी को भी अनुमति नहीं है कि वो किसी के बारे में उल्टी सीधी बयानबाजी करे। हमारी पार्टी अनुशासन के लिए जानी जाती है। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता अनुशासन का पालन करता है। शनिवार को मैंने भी उनका बयान सोशल मीडिया पर देखा है। वास्तव में बहुत निंदनीय है। पन्नालाल शाक्य हमारे वरिष्ठ विधायक हैं लेकिन उन्होंने प्रभारी मंत्री और ऊर्जा मंत्री के बारे में जो कहा है वास्तव में वह बहुत गलत है। ऐसी बयानबाजी उन्हें नहीं करना चाहिए। मैंने प्रदेश संगठन को अवगत करा दिया है और पूरी जानकारी दे दी है, शीघ्र ही उन पर कार्रवाई होगी।
ऐसे बयान की इजाजत किसी को नहीं- सिकरवार
भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार ने पार्टी के आंतरिक अनुशासन का हवाला देते हुए आगे कहा, यदि हमें कुछ कहना है तो हमारे पास प्लेटफॉर्म हैं। वह पहले जिलाध्यक्ष, जिले के प्रभारी, संभाग प्रभारी से बात करें। यदि कोई बात वहां नहीं बन रही है तो प्रदेशाध्यक्ष से बात करें। पन्ना लाल शाक्य लगातार इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं, प्रदेश नेतृत्व ही इस पर निर्णय करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *