LatestNewsमप्र छत्तीसगढ़राज्य

ग्वालियर में फिर धंसी करोड़ों की चेतकपुरी-महल रोड, 4 फीट गहरा गड्ढा देख सहमे राहगीर

ग्वालियर. ग्वालियर की चर्चित चैतकपुरी महल रोड एक बार फिर धंस गई है। लगभग 4 करोड रुपये की लागत से बनी इस सडक पर अचानक करीब 4 फीट गहरा सुरंगनुमा गड्डा बन गया। सडक के बीच बने इस खतरनाक गड्डे को देखकर राहगीरों और वाहन चालकों में दहशत फैल गई है। लोग दूरी बनाकर वाहन निकालते नजर आए।
भ्रष्टाचार को लेकर जमकर नाराजगी जताई
हैरानी की बात यह है कि अभी मानसून शुरू भी नहीं हुआ है। प्री-मानसून की हल्की बौछारें तक नहीं पडीं और सडक की परतें जवाब देने लगी। गड्डे की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों ने निर्माण गुणवत्ता और भ्रष्टाचार को लेकर जमकर नाराजगी जताई। कई लोगों ने इसे भ्रष्टाचार की सुरंग बताते हुए जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग उठाई है।
पिछले साल भी देशभर में चर्चा में आई थी महल की सडक
करीब 11 महीने पहले इसी सडक का बडा हिस्सा धंस गया था। चेतकपुरी से सिटी सेंटर जाने वाले मार्ग पर लगभग 10 फीट गहरा सुरंगनुमा गड्डा बन गया था जिसने प्रशासनिक दावों की पोल खोल दी थी। पहली ही बारिश में सडक धंसने के बाद निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठे थे। जांच में सामने आया था कि ठीक से काम्पैक्शन किए बिना ही डामर की परत बिछा दी गई थी। इसके अलावा ड्रेनेज की व्यवस्था न होने के कारण पानी बैठने से सड़क अंदर से खोखली हो गई थी। मामला इतना बढ़ा कि भोपाल से जांच दल को ग्वालियर आना पड़ा था और लापरवाही के आरोप में चार अधिकारियों को निलंबित भी किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *