आईएसबीटी से 15 जून से मिलेंगीं मुरैना एवं भिण्ड के लिए बसें
शहर से संचालित सभी वीडियोकोच बसें भी अब आईएसबीटी से संचालित होंगीं
ग्वालियर – मुरैना एवं भिण्ड जाने वाले यात्रियों के लिये अब पुराने बस स्टेण्ड के साथ-साथ ग्वालियर में नवनिर्मित आईएसबीटी (अंतर्राज्यीय बस अड्डा) से भी यात्री बसें उपलब्ध होंगीं। इस आशय का निर्णय बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया। बैठक में बस ऑपरेटर्स यूनियन के सदस्यों ने भी इस निर्णय पर सहमति प्रदान की। सभी व्यवस्थायें पूर्ण कर 15 जून से आईएसबीटी से भी बसों का संचालन प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं। संयुक्त रूप से बैठक लेकर यातायात प्रबंधन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
शहर से संचालित वीडियोकोच बसों का संचालन भी आईएसबीटी (अंतर्राज्यीय बस स्टैण्ड) से करने की सहमति हुई। इस संबंध में वीडियोकोच बस संचालकों से भी चर्चा की जायेगी। मुरैना एवं भिण्ड के लिये संचालित यात्री बसें पुराने बस स्टैण्ड से चलकर आईएसबीटी पहुँचेंगीं और वहां से सवारियां लेकर रवाना होंगीं। सभी बसों को आईएसबीटी पर पहुंचना अनिवार्य होगा। पुराने बस स्टैण्ड से आईएसबीटी तक पहुंचने के लिये यात्रियों को बेहतर परिवहन व्यवस्था उपलब्ध हो, इसके लिये पुलिस विभाग के माध्यम से ऑटो एवं अन्य सवारी वाहनों की दरें भी निर्धारित की जायेंगीं स्मार्ट सिटी द्वारा संचालित “द सूत्र बस सेवा” का संचालन भी आईएसबीटी बस स्टैण्ड से ही किया जायेगा।
क्षेत्रीय सांसद भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि केन्द्र सरकार एवं प्रदेश सरकार के सहयोग से ग्वालियर में एक आधुनिक बस स्टैण्ड का निर्माण किया गया है। इसका बेहतर उपयोग हो, इसके लिये हम सबको आपसी सहमति के साथ यातायात प्रबंधन की दृष्टि से उपयोग करना चाहिए। ग्वालियर का पुराना बस स्टैण्ड शहर के मध्य होने के कारण यातायात में अव्यवस्थायें होती हैं।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने कहा कि यातायात प्रबंधन के लिये नए बस स्टैण्ड का संचालन सभी की सहमति से शीघ्र अतिशीघ्र प्रारंभ हो, यह जरूरी है। मुरैना एवं भिण्ड की बसें नए बस स्टैण्ड से होकर रवाना हों ताकि वहां के यात्रियों को भी सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि नए बस स्टैण्ड तक पहुँचने के लिये यात्रियों को सुगम यातायात प्रबंधन के लिये भी प्रशासन व पुलिस की ओर से सार्थक प्रयास किए जायेंगे। इसके लिये ऑटो एवं सवारी वाहनों की दरें निर्धारित करने का कार्य किया जाएगा। निजी वाहनों से सवारी लेजाने वालों पर पुलिस विभाग के माध्यम से कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने कहा कि यातायात के बढ़ते दबाव के कारण शहर में यातायात प्रबंधन में कई प्रकार की समस्यायें आती हैं। यात्री बसों का संचालन नए बस स्टैण्ड से प्रारंभ हो, इसके लिये सभी को मिलकर सार्थक प्रयास करना होंगे। मुरैना एवं भिण्ड की बसें नए बस स्टैण्ड से होकर निकलें, यह व्यवस्था शीघ्र प्रारंभ की जाना चाहिए। बैठक में बस ऑपरेटर्स यूनियन के पदाधिकारियों ने भी अपने-अपने विचार रखे।

