दिग्विजय सिंह व डीआईजी के बीच तीखी नोकझोंक, आरएसएस ने भूमिपूजन किया तो दीवार तोड देंगे
भोपाल. गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया में आरएसएस की लघु उद्योग भारती संस्था को कार्यालय बनाने के लिए 10 हजार वर्ग फुट जमीन आवंटन को लेकर राजनीति गरमा गई है। इसका रविवार को शिलान्यास किया गया इसके विरोध में कांग्रेस के प्रदर्शन के ऐलान पर इंडस्ट्रियल एरिया को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। सुबह 10.30 बजे मौके पर पहुंचे कांग्रेस नेताओं, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और भोपाल डीआईजी इरशाद वली के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। दिग्विजय सिंह ने कहा कि यदि आरएसएस ने पार्क में भूमिपूजन किया तो हम दीवार को तोड़ देंगे। इसके जवाब में डीआईजी इरशाद वली ने कहा कि तो हम आप पर नजर रखेंगे।
इस बीच बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश करने पर पुलिस ने कांग्रेस नेताओं पर पानी की बौछार की साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हल्का बल प्रयोग भी किया। डीआईजी ने कहा कि कोरोना गाइडलाइन का उल्लंघन कर प्रदर्शन करने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। इस दौरान मौके पर भोपाल कलेक्टर लवानिया भी मौजूद रहे। कांग्रेस ने इंडस्ट्रियल एरिया के उद्यान की जमीन पर आरएसएस की लघु उद्योग भारती संस्था को कार्यालय के लिए आवंटन करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस का कहना है कि इंडस्ट्रियल के उद्यमियों ने उनको शिकायत की है।
भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया ने बताया कि उद्योग विभाग ने लघु उद्योग भारती संस्था को खाली जमीन का आवंटन किया है। कांग्रेस का आरोप है कि जमीन पर पार्क था और वह पार्क के पेड काट रहे है। इसको लेकर कांग्रेस ने प्रदर्शन किया है। संस्था का कहना है कि जमीन के बाहर पेड़ है वह उसे नहीं काट रहे है।

