ग्वालियर में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में आग से झुलसने से मौत
ग्वालियर. ग्वालियर के बहोड़ापुर इलाके में 30 साल की एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में लगी झुलसने से मौत हो गई। घटना शनिवार रात 10 बजे की है, गंभीर हालत में महिला को हॉस्पिटल पहुंचाया गया जहां रविवार सुबह 6 बजे उसने दम तोड़ दिया। घटना से पहले उसने अपनी बहन को फोन किया था जिसमें उसने कहा था कि झगड़े हो रहे है और बच्चे दो दिन से भूखे है ऐसा ही रहा तो यह मुझे मार डालेंगे। पति ने इसे हादसा बताया है जबकि मृतका की बहन ने इसे हत्या बताया है। घटना से 2 घंटे पहले उसने अपनी बहन से बात की थी। इसमें उसने कहा था कि दो दिन से घर में कलेश मचा है। बच्चों के लिए खाना तक नहीं है ऐसा ही रहा तो यह मुझे मार डालेंगे।
शहर के खासकी बाजार निवासी 30 साल की देवी भदौरिया की शादी 2014 में बहोड़ापुर कटीघाटी सुभाष नगर निवासी पेमसिंह तोमर के साथ हुई थी। दोनों के दो बच्चे एक बेटा और एक बेटी है। देवी तोमर की बहन ज्योति भदौरिया ने बताया कि शादी के बाद से ही पति उसे परेशान कर रहा था। वह कोई काम नहीं करता था और मारपीट करता था। शनिवार रात 7 से 8 बजे के बीच देवी ने उसे कॉल किया तब उसने अपने दिल की हर बात बताई जिसके बाद बहन ने समझाया था और सुबह आने की बात कही पर इसी बीच रात 11 बजे प्रेमसिंह ने सूचना दी कि देवी खाना बना रही थी तभी सिलेंडर में अचानक आग लग गई और वह झुलस गई। जब परिवार अस्पताल पहुंचा तो वह गंभीर हालत में थी। यहां पति ने बताया कि मिट्टी का तेल डालकर उसने खुद आग लगाई। रविवार सुबह 6 बजे महिला ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को निगरानी में लेकर पोस्टमार्टम कराया।

