ग्वालियर-चम्बल में ठण्ड का थर्ड डिग्री टॉर्चर, शुक्रवार सर्दी का सबसे ठंडा दिन, स्कूलों में 11 जनवरी तक छुट्टी
ग्वालियर. चम्बल-ग्वालियर संभाग में ठण्ड का थर्ड डिग्री टॉचर्र जारी है। सबसे अधिक मप्र के ग्वालियर, भिण्ड और दतिया ठण्डे बने हुए हैं। यहां 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तापमान बना हुआ है। 15 से 16 किलोमीटर की रफ्तार से बर्फीली हवा चलने से सड़कों पर कर्फ्यू जैसा लग गया है। लोग घरों में कैद है या अलाव के सहारे बैठे दिखाई दे रहे हैं। शुक्रवार का दिन सीजन का सबसे ठण्डा दिन रहा है। ग्वालियर में दिन में अधिकतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गयी। जबकि न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री रहा था।

यही वजह हे कि शुक्रवार को ग्वालियर कलेक्टर कौशलेन्द्रविक्रम सिंह ने स्कूलों में छुट्टियों को लेकर नया आदेश जारी किया है। जिसमें नर्सरी से लेकर मिडिल स्कूल तक 11 जनवरी तक छुट्टी घोषित की गयी है। अभी तक नर्सरी से लेकर प्रायमरी तक 7 जनवरी तक छुट्टी थी, अब मिडिल स्कूल भी शामिल कर लिये गये हैं।

बर्फीली हवाओं से ठिठुरन बड़ी
ग्वालियर शहर में ठण्ड लोगों से सवाल पूछ रही है, लोगों का कहना है कि दिसम्बर में नहीं लग रहा था कि इस बार सर्दी पड़ेगी। लेकिन नये वर्ष के आगाज के साथ ही उत्तर भारत से आने वाली बर्फीली हवा के थपेड़ों ने अंचल में ठिठुरन बढ़ा दी है। लोग रात के समय अब बाजार में कम ही निकल रहे हैं। उधर, कोहरे के चलते गुरूवार को बेंगलुरू से आने वाली फ्लाइट 6 घंटे तो इन्दौर से आने वाली फ्लाइट 3 घंटे दी से आयी थी। वहीं शुक्रवार की सुबह कोहरे की वजह शताब्दी एक्सप्रेस करीब डेढ़ से 2 घंटे देरी से ग्वालियर पहुंची। वहीं, शुक्रवार को दिल्ली से आने वाली गोंडवाना 11.43 घंटे, महाकौशल 4.47 घंटे, अमृतसर-इन्दौर एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें देरी से आयी हैं।
विधायक ने की थी छुटि्टयां बढ़ाने की मांग
एक दिन पहले गुरुवार को दिन में भोपाल का अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री रहा। इंदौर का अधिकतम तापमान 19.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री दर्ज हुआ। यहां 8वीं कक्षा तक की छुट्टी कर दी गई है। ग्वालियर में इससे कम तापमान होने के बाद भी छुट्टी कलेक्टर ने घोषित नहीं की है। कड़ाके की सर्दी के बीच ग्वालियर में स्कूलों की छुट्टी को लेकर कांग्रेस विधायक प्रवीण पाठक ने कलेक्टर ग्वालियर कौशलेंद्र विक्रम सिंह से चर्चा की। पाठक ने कलेक्टर से कहा कि ग्वालियर में सिर्फ 5 वीं तक छुट्टी की गई है और कक्षा 6 से आगे तक के बच्चों को ऐसी ठिठुरन भरी सर्दी में सुबह-सुबह स्कूल जाना पड़ रहा है। जिसके बाद शुक्रवार को मिडिल तक के स्कूलों में 11 जनवरी तक अवकाश घोषित किया गया है।
ब्रेन हेमरेज व कार्डियक के मरीज बढ़े
लगातार बढ़ती ठंड का कहर अस्पताल में देखने को मिल रहा है। बीते 40 दिन में ग्वालियर के जेएएच के न्यूरोलॉजी में ब्रेन अटैक (हेमरेज) के 224 मरीज भर्ती हुए हैं, जबकि 28 की मौत हो चुकी है। कार्डियक अटैक के मामले भी आम दिनों की तुलना में दोगुना हो चुके हैं।

