परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक पर अकाली दल का बडा फैसला, बीजेपी से गठबंधन करेगी
पंजाब चुनाव से पहले एक बार फिर शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी के एक साथ आने की चर्चाएं तेज हो गई है। इस बीच परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक को लेकर शिरोमणि अकाली दल ने अपना रुख साफ कर दिया है। पूर्व मंत्री और अकाली दल के वरिष्ठ नेता गुलजार सिंह रानीके ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी हमेशा से महिलाओं के अधिकारों और जनहित के मुद्दों के पक्ष में रही है और आगे भी रहेगी।
पंजाब की शांति और समृद्धि के लिए लिया गया फैसला
मीडिया से बात करते हुए गुलजार सिंह रानीके ने कहा कि अकाली दल हमेशा महिलाओं के हक में रहा है और आगे भी रहेगा। यह जनहित का मामला है। परिसीमन भी जनता के हित में है, इसलिए हमने इसका समर्थन करने का फैसला किया है। जो बिल आ रहे हैं, वे पंजाब के हित, शांति और समृद्धि के लिए हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए कल पार्टी अध्यक्ष द्वारा यह फैसला लिया गया।
बीजेपी से गठबंधन के सवाल पर साधी चुप्पी
भारतीय जनता पार्टी के साथ दोबारा गठबंधन की संभावनाओं से जुड़े सवाल पर रानीके ने कहा कि वह एक अलग विषय है। आगे क्या होगा, कैसे होगा, इस पर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। हम फिलहाल केवल इतना कह सकते हैं कि इन विधेयकों का समर्थन करने पर पार्टी के भीतर आम सहमति बन चुकी है। गौरतलब है कि सुखबीर बादल और पीएम मोदी के बीच शुक्रवार को बंद कमरे में अहम बातचीत हुई थी। इसके बाद से ही दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई है।

