MP में एक ही दिन में मिले कोरोना के 15 मरीज, इस वर्ष में सर्वाधिक
भोपाल. मध्य प्रदेश में कोरोना के 365 सैंपलों की जांच में 15 मरीज मिले हैं। चिंता की बात यह है कि संक्रमण दर चार प्रतिशत पहुंच गई है। नए मरीजों में आठ भोपाल, चार इंदौर, दो आलीराजपुर और एक जबलपुर का है। इनके सैंपलों की जीनोम सीक्वेंसिंग से पता चलेगा कि कौन सा वैरिएंट है। माना जा रहा है कि देश में कोरोना के नए वैरिएंट एक्सबीबी 1.16 की दस्तक की वजह से मध्य प्रदेश समेत देशभर में मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार मंगलवार को 272 सैंपलों की जांच में चार, सोमवार को 260 सैंपलों की जांच में पांच मरीज मिले थे। प्रदेश में मार्च-अप्रैल 2022 में कोरोना की तीसरी लहर के बाद प्रतिदिन मिलने वाले मरीजों की संख्या 10 से नीचे ही रही है। दिसंबर 2022 और इस वर्ष जनवरी में अधिकतर दिनों में एक भी कोरोना मरीज प्रदेश में नहीं मिला था। फरवरी में एक दिन में सर्वाधिक आठ मामले सामने आए थे। नए वैरिएंट के आने से इसलिए भी चिंता बढ़ गई है कि प्रदेश में 18 वर्ष के ऊपर के लोगों में सिर्फ 25 प्रतिशत ने ही सतर्कता डोज लगवाई है। 98 प्रतिशत लोगों को दोनों डोज लगी हैं। इनमें लगभग एक प्रतिशत को छोड़ दें तो बाकी को दूसरी डोज लगे हुए भी एक वर्ष से ऊपर हो चुके हैं।

