नियमित अमृत भारत एक्सप्रेस को मिली मंजूरी, UP-राजस्थान जाने वाले यात्रियों के लिए खुशखबर
नई दिल्ली. दक्षिण गुजरात में बसे उत्तर प्रदेश और राजस्थान के रेल यात्रियों के लिए रेलवे प्रशासन ने बडा निर्णय लिया है। रेल मंत्रालय ने उधना से प्रयागराज जंक्शन के बीच वर्तमान में चल रही स्पेशल ट्रेन को अब नियमित अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में संचालित करने की मंजूरी दे दी है। यह गुजरात से चलने वाली तीसरी अमृत भारत एक्सप्रेस होगी। इससे यात्रियों को आधुनिक और आरामदायक रेल सफर की सुविधा मिलेगी।
जल्द तारीख घोषित होगी
रेलवे बोर्ड ने अपने आदेश में बताया कि ट्रेन संख्या 04125/26 स्पेशल को अब स्थाई रूप से ट्रेन संख्या 20437/20438 प्रयागराज-उधना-प्रयागराज अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में संचालित किया जाएगा। पश्चिम रेलवे जल्द ही इसके नियमित संचालन की तिथि घोषित करेगा। साप्ताहिक शेड्यूल के अनुसार, ट्रेन संख्या 20437 प्रयागराज-उधना अमृत भारत एक्सप्रेस हर सोमवार सुबह 5.20 बजे प्रयागराज से रवाना होकर अगले दिन मंगलवार सुबह 4.05 बजे उधना पहुंचेगी।
इन स्टेशनों पर ठहराव
वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 20438 उधना-प्रयागराज अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक मंगलवार सुबह 7.30 बजे उधना से रवाना होकर बुधवार सुबह 6.45 बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंचेगी। गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश को आपस में जोडने वाली यह ट्रेन वडोदरा, रतलाम, भवानीमंडी, रामगंज मंडी, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, हिंडौन सिटी, बयाना, आगरा ईदगाह, टूंडला, इटावा, गोविंदपुरी और फतेहपुर जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रूकेगी।

