पाकिस्तान में ही होगा एशिया कप
नई दिल्ली. सितंबर में इसी साल होने वाला एशिया कप पाकिस्तान में ही हो सकता है। ESPN क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के अनुसार, टूर्नामेंट के ज्यादातर मैच पाकिस्तान में होंगे, लेकिन भारतीय टीम के जितने भी मैच होंगे, उन्हें यूएई, ओमान या श्रीलंका में से किसी एक जगह शिफ्ट कराया जा सकता है। इस बार का एशिया कप सितंबर के शुरुआती सप्ताह में होना है। 13 दिनों तक चलने वाले 6 टीमों के इस टूर्नामेंट में फाइनल समेत कुल 13 मैच होंगे। भारत और पाकिस्तान एक ही ग्रुप में हैं। उनके साथ एक टीम क्वालिफाई करके पहुंचेगी। वहीं श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान दूसरे ग्रुप में हैं।
न्यूट्रल वेन्य पर होंगे भारत के मैच
एशिया कप के शुरुआती स्टेज में भारतीय टीम 2 मैच खेलेगी। एक भी मैच जीतने पर टीम सुपर-4 स्टेज में पहुंचेगी, जहां उसे 3 मैच खेलने होंगे। अगर टीम इंडिया फाइनल में भी पहुंची तो वह टूर्नामेंट में कुल 6 मुकाबले खेलेगी। भारत के फाइनल में पहुंचने की स्थिति में उस मुकाबले को भी न्यूट्रल वेन्यू पर ही शिफ्ट किया जाएगा।

