MP के सीआरपीएफ जवान की जम्मू-कश्मीर में मौत, आज पहुंचेगा शव
भोपाल. मंदसौर जिले के ग्राम बानियाखेड़ी निवासी सीआरपीएफ जवान मुकेश कुमार प्रजापति (45) की जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में एक सड़क हादसे में मौत हो गई। यह दुर्घटना मंगलवार को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई। जवान मुकेश छुट्टी लेकर अपने घर लौट रहे थे। जवान का पार्थिव शरीर हवाई मार्ग से उदयपुर लाया जाएगा, जहां से बुधवार शाम तक उनके पैतृक गांव बानियाखेड़ी पहुंचेगा। गुरुवार सुबह राजकीय सम्मान (गार्ड ऑफ ऑनर) के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
खड़े वाहन को बस ने मारी टक्कर
बता दें कि, हादसा मंगलवार को जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर जखानी-चेनानी इलाके के पास हुआ। एक यात्री बस ने सड़क किनारे मरम्मत के लिए खड़े एक मालवाहक वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। इस दौरान बस ने एक बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया।
इस भीषण भिड़ंत में बस में सवार जवान मुकेश प्रजापति समेत कुल चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हुई है। अन्य मृतकों में उधमपुर और बटोटे क्षेत्र के स्थानीय लोग शामिल हैं। जवान मुकेश छुट्टी लेकर बस से अपने घर लौट रहे थे।

