शुद्ध पेट्रोल क्या तुम्हारे बाप के यहां से आएगा, MP भाजपा सांसद का विवादित बयान
रीवा. रीवा में कोलकाता-रीवा-भोपाल हवाई सेवा के शुभारंभ समारोह के दौरान भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा अपने बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने का विरोध करने वालों पर निशाना साधते हुए मंच से ऐसा कुछ बोल दिया जिसका विरोध शुरू हो गया। भाजपा सांसद की आपत्तिजनक भाषा का वीडियो भी सामने आया है जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
भाजपा सांसद के बिगड़े बोल
भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा ने इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल का विरोध करने वालों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रण की बात कही, तो इसका विरोध किया गया और केवल शुद्ध पेट्रोल की मांग की गई। इसी बात पर आपा खोते हुए उन्होंने कहा, शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के यहां से आएगा। सांसद मिश्रा ने यह बयान उस समय दिया, जब मंच पर उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, सतना सांसद गणेश सिंह, राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी सहित कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
‘ब्राजील में 100 प्रतिशत इथेनॉल से चल रहीं गाड़ियां’
इस दौरान सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा कि भारत अपनी जरूरत का करीब 80 प्रतिशत तेल विदेश से आयात करता है। पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने से देश को पेट्रोलियम आयात पर निर्भरता कम करने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने में मदद मिल रही है। उन्होंने ब्राजील का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां शत प्रतिशत इथेनॉल आधारित ईंधन का उपयोग शुरू हो चुका है। भारत में भी पर्याप्त एथेनॉल बनाने की क्षमता है। ऑटोमोबाइल कंपनियां भी ऐसे वाहन बनाने को तैयार हैं।

