गोला का मंदिर चौराहे पर यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई, 107 वाहनों के चालान, 90,400 रुपये का जुर्माना वसूला

हूटर, ब्लैक फिल्म, बिना नंबर प्लेट और अवैध लाइट वाले वाहनों पर कसा शिकंजा
ग्वालियर- गोला का मंदिर चौराहे पर थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी ने पुलिस बल के साथ वाहन चेकिंग अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की। चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट, पदनाम वाली नंबर प्लेट, ब्लैक फिल्म, अवैध लाइट और वाहनों पर लगे अवैध हूटर सहित अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की गई। पुलिस की कार्रवाई के दौरान 107 वाहनों के चालान कर कुल 90 हजार 400 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
हूटर से लेकर ब्लैक फिल्म तक पर कार्रवाई
चेकिंग के दौरान 11 अवैध हूटर लगे वाहनों पर कार्रवाई कर 33 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं 37 बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों से 18 हजार 500 रुपये का जुर्माना लिया गया। इसी तरह 22 ब्लैक फिल्म लगे वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 11 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। 4 वाहनों में बिना नंबर प्लेट, फैंसी नंबर प्लेट, फैंसी एवं वीआईपी स्टीकर पाए जाने पर 2 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।इसके अलावा 2 वाहनों में अवैध लाइट मिलने पर 6 हजार रुपये तथा 31 वाहनों के खिलाफ एमवी एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए 19 हजार 900 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जारी रहेगी कार्रवाई
थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य वाहनों में अवैध रूप से हूटर, ब्लैक फिल्म, फैंसी नंबर प्लेट, वीआईपी स्टीकर और अवैध लाइट का इस्तेमाल करने वालों पर अंकुश लगाना है। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है और संकेत दिया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

