MP को मिली 4 सीधी उड़ानों की सौगात
भोपाल. भोपाल से पटना, रीवा-कोलकाता और जबलपुर से कोलकाता के लिए विमान सेवाओं और भोपाल से रीवा के लिए नई उडान का रविवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भोपाल के राजा भोज विमानतल से शुभारंभ किया। भोपाल से रीवा के लिए विमान सेवा पहले से है पर यात्रियों की संख्या अधिक होने के कारण नई उडान प्रारंभ की गई है। यहां मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढा है। नई हवाई सेवाओं से उद्योग, व्यापार और पर्यटन को लाभ मिलेगा। यात्रियों के समय और धन दोनों की बचत होगी। पर्यटकों के लिए पेद्रश के विभिनन अंचलों में आना सुगम होगा। शुभारंभ में केंद्रीय नागरिक विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू भी सम्मिलित हुए।
अगले 2 माह में अंतरराष्ट्रीय उडान प्रारंभ होगी
बता दें कि मध्य प्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 के अंतर्गत वित्त पोषित योजना के अंतर्गत ये उडानें प्रारंभ की गई है। सीएम ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय विमानतल बनता है तो उसका लाभ भी मिलता है। अगले दो माह में भोपाल से शारजाह के लिए अंतरराष्ट्रीय उडान प्रारंभ होगी। इस नीति के अंतर्गत अब तक 8 हवाई मार्गों को स्वीकृति दी जा चुकी है। इनमें चार मार्गों पर उडान पहले से संचालित है जिसमें इंदौर और अबूधाबी के बीच अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट भी शामिल है। शेष चार रूट पर रविवार को प्रारंभ की गईं। प्रदेश में विगत तीन वर्षें में तीन एयरपोर्ट्स का शुभारंभ हो चुका है।

