ग्वालियर में 2 सितंबर को बलराम जयंती समारोह के कारण भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक,कई रास्ते बंद रहेंगे
ग्वालियर. शहर में 2 सितंबर 2026 को ‘बलराम जयंती’ किसान समारोह में सीएम डॉ. मोहन यादव समेत कई वीवीआईपी के प्रस्तावित भ्रमण को देखते हुए यातायात पुलिस ने सोमवार रात को ट्रैफिक और डायवर्जन प्लान जारी किया है। कार्यक्रम के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था सुगम बनाए रखने के लिए कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। जबकि कई रास्तों का मार्ग परिवर्तित (डायवर्ट) किया गया है। यातायात पुलिस ने आमजन से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है। यदि आप भी वीआईपी मूवमेंट वाले रूट से प्रतिदिन आते जाते हैं तो बुधवार (02 सितंबर) को रूट देखकर ही निकलना।

भिंड-मुरैना का रूट बदला
भारी वाहन: वीआईपी भ्रमण के दौरान शहर में सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
भिंड व मालनपुर की ओर से आने वाले वाहन: सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक लक्ष्मणगढ़ पुल होते हुए निरावली, अटल गेट, जलालपुर चौराहा से सागरताल की ओर होकर शहर में प्रवेश करेंगे।
भिंड से आने-जाने वाली बसें: सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक लक्ष्मणगढ़ पुल से डीडी नगर एवं गोला का मंदिर चौराहे की तरफ पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगी।
मुरैना से बस स्टैंड/रेलवे स्टेशन/मुरार जाने वाले चार पहिया वाहन: मलगढ़ा से चार शहर का नाका, हजीरा चौराहा (या सिमको तिराहा-बिरला नगर पुल) होकर इंटेक मैदान, चौहान केन, नया ब्रिज, केशर टावर होते हुए जा सकेंगे।
मुरैना से फूलबाग/डीबी मॉल जाने वाले वाहन: निरावली से प्रवेश कर रायरू, अटल द्वार, जलालपुर, सागरताल चौराहा से बहोड़ापुर होते हुए निकलेंगे।

पूर्णतः बंद एवं प्रतिबंधित मार्ग
दूध डेयरी से इंद्रमणि नगर मार्ग
दुल्लपुर रोड (दर्शनसिंह मार्ग) से सूर्यनमस्कार तिराहा मार्ग
आकाशवाणी तिराहा, परशुराम तिराहा से तानसेन तिराहा तक का मार्ग
ग्वालियर एसएसपी धर्मवीर सिंह का कहा एयरपोर्ट से लेकर गोला का मंदिर चौराहा, दूध डेयरी, इंद्रमणि नगर, सूर्यनमस्कार, महाराजा गेट, रेसकोर्स रोड, परशुराम तिराहा, आकाशवाणी तिराहा, तानसेन होटल से राजमाता तिराहे तक के मार्गों पर यातायात का दबाव अत्यधिक रहेगा। नागरिक परेशानी से बचने के लिए दिए गए वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें।

