LatestNewsमप्र छत्तीसगढ़राज्य

जलभराव और कचरे के ढेर देख भड़के निगमायुक्त, ग्वालियर में अफसरों को लगाई फटकार

ग्वालियर. नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने सोमवार को ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें शहर की सफाई व्यवस्था और जलभराव की स्थिति में गंभीर खामियां मिलीं। कई स्थानों पर सड़कों पर पानी भरा हुआ था और कचरे के ढेर लगे थे। अव्यवस्थाएं देखकर निगमायुक्त ने अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त की और उन्हें फटकार लगाते हुए कहा कि उन्हें अधिकारियों का काम भी करना पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि सफाई व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निगमायुक्त ने डीबी मॉल से आकाशवाणी क्षेत्र तक का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क पर जलभराव देखकर उन्होंने सहायक यंत्री अमित गुप्ता को जल निकासी के लिए नाला निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। डीबी मॉल के सामने और ग्वालियर पूर्व डिपो के बाहर भी जलभराव और गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कार्यपालन यंत्री महेंद्र प्रसाद अग्रवाल को नियमित सफाई सुनिश्चित करने और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कचरे के ढेर तत्काल हटाने के निर्देश दिए। इसके बाद निगमायुक्त आकाशवाणी से मयूर मार्केट-थाटीपुर रोड पहुंचे। उन्होंने यहां सड़क और जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्यों का अनुमान (स्टीमेट) तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने तरुण विहार नाले की सफाई कराने के साथ-साथ नाला निर्माण के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त मुरार श्मशान रोड भी पहुंचे। यहां कई स्थानों पर गंदगी देखकर उन्होंने क्षेत्र के डब्ल्यूएचओ और स्वास्थ्य अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए और जोर देकर कहा कि केवल एक बार की सफाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया जाए कि दोबारा कचरा जमा न हो। निगमायुक्त के निर्देशों के बाद स्वास्थ्य अधिकारी भीष्म पमनानी ने तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने कर्मचारियों और मशीनों को मौके पर भेजकर सफाई कार्य शुरू कराया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त मुकेश बंसल, अधीक्षण यंत्री सुरेश अहिरवार, कार्यपालन यंत्री महेंद्र प्रसाद अग्रवाल व पवन शर्मा, सहायक यंत्री अमित गुप्ता, नोडल अधिकारी केशव चौहान और डिपो प्रभारी रामू सिंह सहित अन्य अधिकारी निगमायुक्त के साथ मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *