Newsमप्र छत्तीसगढ़

महाकाल कोल्ड स्टोरेज के संचालक पर 2.25 करोड़ रूपये की दाल और काबुली चना हड़पने पर कोर्ट के आदेश पर FIR दर्ज

ग्वालियर. पुरानी छावनी थाना इलाके स्थित महाकाल कोल्ड स्टोरेज के संचालक पर दालबाजार के एक व्यापारी के साथ 2 करोड़ 25 लाख रूपये की अमानत में खयानत की एफआईआर दर्ज की गयी है। आरोप है कि व्यापारी द्वारा कोल्ड स्टोरेज में सुरक्षित रखवाई गयी 6565 बोरी मसूर, मलका, उड़द दाल और काबुली चना वापिस नहीं किया गया। पुलिस ने यह कार्यवाही जिला न्यायालय के आदेश के बाद की गयी है।
पुलिस और न्यायालय में प्रस्तुत दस्तावेजों के अनुसार चेतकपुरी के विजयनगर निवासी व्यापारी जयराम डिगवानी जो दालबाजार में भरत ट्रेडिंग कम्पनी का संचालन करते हैं, ने सितम्बर 2023 में अपने पुराने व्यापारी संबंधों के चलते महाकाल कोल्ड स्टोरेज संचालक महेशकुमार अग्रवाल के यहां अपनी फर्म का भारी मात्रा में स्टॉक सुरक्षित रखा गया था। इस स्टॉक में 6565 बोरी दाल और काबुली चना शामिल था। जिसकी कीमत लगभग 2.25 करोड़ बताई जा रही है।
कोर्ट के आदेश के बाद दर्ज हुआ मामला
पुलिस और प्रशासन से राहत नहीं मिलने पर जयराम डिगवानी ने ग्वालियर जिला न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने इसे गंभीर मानते हुए पुरानी छावनी थाना पुलिस को आरोपी के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने के निर्देश दिए। न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने महेश कुमार अग्रवाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 406 (अमानत में खयानत) सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुरानी छावनी थाना प्रभारी डॉ. संतोष यादव ने बताया कि न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए कारोबारी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी तथा माल की बरामदगी की कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *