Newsमप्र छत्तीसगढ़

गोदरेज की चौथी नवीन एकीकृत विनिर्माण इकाई का मुख्यमंत्री ने मालनपुर में किया शुभारंभ

गोदरेज द्वारा 450 करोड़ रुपए के अतिरिक्त निवेश से चंबल के विकास को मिलेगी नई गति, 600 लोगों को मिलेगा प्रत्यक्ष रोजगार
भोपाल – मध्यप्रदेश देश का दिल तो है ही, अब देश-विदेश के उद्योगपतियों और निवेशकों के दिलों में भी बसता है। प्रसिद्ध औद्योगिक प्रक्षेत्र मालनपुर में गोदरेज की चौथी नई एकीकृत विनिर्माण इकाई का शुभारंभ उद्योग जगत के मध्यप्रदेश पर दिनों-दिन बढ़ते विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि चम्बल अब तेजी से बदल रहा है। प्रदेश में हो रही औद्योगिक प्रगति में चम्बल अपने इतिहास को पीछे छोड़कर अब पूरी क्षमता से अपनी एक नई पहचान बना रहा है।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को भिंड जिले के औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर में गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड की चौथी नवीन एकीकृत औद्योगिक (विनिर्माण) इकाई का शुभारंभ किया। गोदरेज ग्रुप द्वारा लगभग 450 करोड़ रुपये के अतिरिक्त निवेश से स्थापित यह इकाई मध्यप्रदेश में बढ़ते औद्योगिक विश्वास और ग्वालियर-चंबल अंचल में बदलते निवेश परिदृश्य का महत्वपूर्ण प्रतीक है। गोदरेज की इस चौथी नई एकीकृत विनिर्माण इकाई में 600 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।
ग्वालियर-चंबल में दो महीने के अंदर तीसरी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का हुआ शुभारंभ
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश और मध्यप्रदेश बदल रहा है। यहां लगातार औद्योगिक निवेश आने और फैक्ट्रियों के लोकार्पण एवं भूमि-पूजन का क्रम जारी है। ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में पिछले करीब दो महीने में आज तीसरी औद्योगिक ईकाई का शुभारंभ हो रहा है। पहले गुना में लगभग 1500 करोड़ के निवेश से सीमेंट प्लांट, शिवपुरी में डिफेंस सेक्टर के मैन्यूफैक्चरिंग प्लांट और आज मालनपुर में 450 करोड़ के निवेश से गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स की नई यूनिट का शुभारंभ हुआ है। विभिन्न इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में हमारी सरकार ने औद्योगिक समूहों के साथ एमओयू किए हैं, जो आज मूर्तरूप ले रहे हैं। एशिया की सबसे बड़ी साबुन फैक्ट्री अब मालनपुर में है, यहां प्रति मिनट 4000 साबुन तैयार हो सकते हैं। गोदरेज समूह ने प्रतिबद्धता के बल पर दुनिया में अपनी अलग साख और थाक बनाई है। औद्योगिक घरानों के प्रयासों से कई घरों में आर्थिक समृद्धि और विकास की नई रौशनी आती है।
हम केन्द्र के साथ कर रहे है कदम ताल
बहुत जल्द 1500 करोड़ के निवेश से बन रही औद्योगिक ईकाई का लोकार्पण किया जाएगा। मध्यप्रदेश युवाओं की समृद्धि और उन्हें रोजगार उपलब्ध कराने के लिए भारत सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहा है। भोपाल में पिछले साल हुई ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस 2025) में 30.77 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिले थे।
गोदरेज ग्रुप की एग्जिक्यूटिव चेयरपर्सन सुश्री निसाबा गोदरेज ने कहा कि इस विस्तार के बाद अब एशिया की सबसे बड़ी सोप मैन्युफैक्वरिंग सुविधा मालनपुर में है। इस प्लांट में हर मिनट 4,000 तक सोप बार बना सकते हैं। यह अत्याधुनिक प्लांट गोदरेज और मध्यप्रदेश के बीच 35 सालों की पार्टनरशिप प्रदर्शित करता है, जो 1991 में मालनपुर में हमारे पहले मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के साथ शुरू हुई थी। जिसमें अब तक कुल 850 करोड़ का निवेश हो चुका है, जहां साबुन, हेयर कलर्स, घरेलू कीटनाशकों आदि का निर्माण होता है। मेरे पिता आदि गोदरेज ने वर्ष 1991 में यहां साबुन निर्माण के लिए यूनिट शुरू की थी। गोदरेज साबुन आज मालनपुर की धरती पर तैयार होकर देश का अग्रणी ब्रांड बनी है।
मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रदेश में लगातार निवेश आ रहा है। पहले चंबल को देश का पिछड़ा क्षेत्र माना जाता था। अब यहां धीरे-धीरे औद्योगिक निवेश बढ़ रहा है। भिंड जिले में हाइड्रोजन तैयार करने के लिए प्लांट का शिलान्यास भी हो चुका है। मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र से प्रधानमंत्री श्री मोदी के मेक इन इंडिया का संकल्प पूरा हो रहा है। यह क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था का मजबूत केंद्र बन रहा है। मुरैना शहर में सरसो की पिराई की ईकाई बड़ी संख्या में है। गोदरेज ग्रुप के प्रेसिडेंट राकेश स्वामी, गोदरेज समूह के सभी कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जन उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *